दिल्ली-एनसीआर

KGMU में दवाओं की खरीद-फरोख्त में गड़बड़ी का आरोप, चार संविदा कर्मचारियों पर FIR

SHIDDHANT
2 Oct 2026 8:25 PM IST
KGMU में दवाओं की खरीद-फरोख्त में गड़बड़ी का आरोप, चार संविदा कर्मचारियों पर FIR
x
दिल्ली: केजीएमयू में दवाओं से जुड़ी कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। कार्यवाहक चीफ प्रोक्टर डॉ. अंकुर बजाज ने चार संविदा कर्मचारियों पर दवाओं के मामले में धोखाधड़ी और वित्तीय गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच के बाद चारों कर्मचारियों के खिलाफ लखनऊ के चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने संबंधित दस्तावेज मांगे हैं और साक्ष्यों व बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चार संविदा कर्मचारियों पर लगाए गए आरोप
कार्यवाहक चीफ प्रोक्टर डॉ. अंकुर बजाज के मुताबिक, केजीएमयू में प्रकाश सिंह, हेमंत श्रीवास्तव, सचिन तिवारी और अरशद संविदा पर कार्यरत हैं।
केजीएमयू के यूरोलॉजी विभाग में असाध्य रोग योजना के तहत कैंसर से पीड़ित मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। आरोप है कि चारों संविदा कर्मचारियों ने कई महीने पहले इन दवाओं की खरीद और वितरण में अनियमितता की और धोखाधड़ी की।
मामले की जानकारी मिलने के बाद कुलपति ने 26 मई को जांच के लिए एक समिति गठित की। समिति की अध्यक्षता फैकल्टी ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज के डीन प्रो. केके सिंह ने की।
जांच के दौरान उपलब्ध दस्तावेजों, सॉफ्टवेयर रिकॉर्ड, वित्तीय विवरण और अन्य साक्ष्यों की जांच की गई। इसके अलावा संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए गए। जांच समिति के मुताबिक, इन सभी बिंदुओं की पड़ताल के बाद चारों संविदा कर्मचारियों द्वारा दवाओं के कथित दुरुपयोग, सरकारी धन को नुकसान पहुंचाने और अन्य गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की बात सामने आई।
दो जून को दी गई अंतरिम जांच रिपोर्ट
जांच समिति ने इस मामले में दो जून को अपनी अंतरिम जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद मामले की विभागीय स्तर पर और गहन जांच की गई। चीफ प्रोक्टर डॉ. अंकुर बजाज ने बताया कि विस्तृत विभागीय जांच के बाद उन्हें आरोपियों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अधिकृत किया गया। इसके बाद उन्होंने चौक थाने में तहरीर दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
चौक थाना पुलिस के इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि प्रकाश सिंह, हेमंत श्रीवास्तव, सचिन तिवारी और अरशद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने विभाग से इस प्रकरण से संबंधित दस्तावेज मांगे हैं। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस और संबंधित विभागीय स्तर पर जारी है।
Next Story