- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- हेलमेट और प्लेकार्ड के...
हेलमेट और प्लेकार्ड के साथ प्रवेश रोकने का आरोप, आआपा ने जताया विरोध

नई दिल्ली: दिल्ली में इमारत गिरने की घटनाओं के विरोध में आम आदमी पार्टी के पार्षद हेलमेट पहनकर नगर निगम की स्थायी समिति की बैठक में पहुंचे। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें हेलमेट और विरोध सामग्री के साथ प्रवेश करने से रोका तथा प्लेकार्ड और दस्तावेज ले लिए।
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि पार्षद अवैध निर्माण, इमारतों की सुरक्षा और निगम के भवन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना चाहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसों को रोकने के लिए गंभीर कार्रवाई करने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
नारंग ने शाहदरा उत्तर क्षेत्र में हालिया इमारत हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें दो लोगों की मौत हुई थी, जिनमें तीन वर्ष का बच्चा भी शामिल था। उन्होंने चावड़ी बाजार, दक्षिणी क्षेत्र और सत्य निकेतन की घटनाओं का हवाला देकर महापौर प्रवेश वाही तथा स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा पर प्रभावी कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया।
एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने दावा किया कि दिल्ली में इमारत गिरने की घटनाओं में अब तक करीब 80 लोगों की मौत हुई है। उनके अनुसार, पिछले तीन महीनों में छह इमारतें गिरने और 25 से अधिक लोगों की मौत होने की जानकारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और महापौर पर भवन सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए महापौर के इस्तीफे की मांग की।
पार्टी की एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि सत्य निकेतन हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने ऐसी घटनाएं रोकने का आश्वासन दिया था, लेकिन हादसे जारी हैं। उन्होंने भी जिम्मेदार पदाधिकारियों से इस्तीफा मांगा।
आआपा नेताओं ने इमारत हादसों की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने तथा खतरनाक इमारतों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई करने की मांग की।





