दिल्ली-एनसीआर

जमानत के बाद तांत्रिक के भेष में घूम रहा था हत्या और डकैती का मास्टरमाइंड, 12 साल बाद गिरफ्तार

Apurva Srivastav
25 Nov 2024 4:42 PM IST
जमानत के बाद तांत्रिक के भेष में घूम रहा था हत्या और डकैती का मास्टरमाइंड, 12 साल बाद गिरफ्तार
x
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने आरोपी को उसके पैतृक जिले बदायूं से पकड़ा

New Delhi , नई दिल्ली। राजधानी पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 2009 के डकैती और हत्या मामले के एक ऐसे मास्टरमाइंड आरोपी को पकड़ा है जो जमानत के बाद करीब 12 सालों से फरार था और एक तांत्रिक के भेष में रह रहा था। सोमवार को इस संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी 12 साल से अधिक समय से अपनी गिरफ्तारी से बच रहा था। कोर्ट ने 2012 में उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। आरोपी मोहम्मद जमशेद अली खान को उसके पैतृक जिले उत्तर प्रदेश के बदायूं से पकड़ा गया।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजय कुमार सैन ने बताया कि मामला 6 जनवरी 2009 का है। मयूर विहार के पास एनएच-24 पर एक व्यक्ति का गला घोंटा हुआ शव बरामद हुआ था। उसकी पहचान एक निजी परिवहन कंपनी के ड्राइवर संतोष यादव के रूप में हुई थी। जांच से पता चला कि जमशेद और उसके साथियों ने संतोष यादव के ट्रक में लिफ्ट ली और उसकी हत्या करने के बाद प्लास्टिक दानों से भरा कंटेनर लूट लिया।

डीसीपी ने बताया कि इस मामले में जमशेद के साथ ही पांच सह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जमशेद 2012 में जमानत मिलने के बाद फरार हो गया। उन्होंने बताया कि जमशेद के बदायूं में होने की सूचना पर भवानीपुर खेरू में दबिश देकर उसे पकड़ लिया गया। डीसीपी ने बताया कि जमशेद पुलिस से बचने के लिए तांत्रिक के भेष में घूम रहा था।

Next Story