- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Strike के बीच ग्रेटर...
Strike के बीच ग्रेटर नोएडा में सफाई पर एक्शन, ठेकेदार पर जुर्माना

Noida नोएडा : ग्रेटर नोएडा में ठेकेदारों के अधीन कार्यरत मैन्युअल स्वीपिंग सफाई कर्मियों की हड़ताल के बावजूद शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने व्यापक स्तर पर मोर्चा संभाल लिया है। सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और परियोजना विभाग के अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रूप से तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एक जुलाई से कुछ ठेकेदारों के अधीन कार्यरत सफाई कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। स्थिति को देखते हुए प्राधिकरण ने सभी आठ वर्क सर्किलों में वरिष्ठ प्रबंधकों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। एसीईओ, ओएसडी, महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।प्राधिकरण ने प्रत्येक वर्क सर्किल के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर सफाई कार्य की स्थिति का जायजा ले रहे हैं और जहां गंदगी पाई जा रही है, वहां तत्काल सफाई कराई जा रही है। रविवार को अवकाश के बावजूद अधिकारी फील्ड में मौजूद रहे और आवश्यकतानुसार सफाई कार्य करवाया गया।
निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर बिमल राज आउटसोर्सिंग प्राइवेट लिमिटेड पर कुल तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसमें जोन-5 में दो लाख रुपये तथा ईकोटेक-3 और सेक्टर-2 एवं 3 में गंदगी पाए जाने पर एक लाख रुपये का जुर्माना शामिल है।सफाई कर्मियों की कमी को देखते हुए सफाई का समय भी बढ़ाकर सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक कर दिया गया है। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण जारी है, जबकि मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों और कूड़ा वाहनों की संख्या भी बढ़ाई गई है। इसके साथ ही उद्यान विभाग और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को भी सफाई कार्य में लगाया गया है।
प्राधिकरण ने सभी ठेकेदारों को पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि लापरवाही पाए जाने पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है और संबंधित क्षेत्र के प्रभारी की जवाबदेही तय होगी।एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और एसीईओ सुमित यादव प्रतिदिन समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी स्थान पर गंदगी दिखने पर तुरंत संबंधित सुपरवाइजर को सूचना दें।





