दिल्ली-एनसीआर

आम आदमी पार्टी तोड़फोड़ के आरोपियों को सम्मानित करने पर भड़की

Admin Delhi 1
15 April 2022 6:17 PM GMT
आम आदमी पार्टी तोड़फोड़ के आरोपियों को सम्मानित करने पर भड़की
x

दिल्ली: आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी को 'गुंडों और बलात्कारियों' की पार्टी बताया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार युवा मोर्चा के आठ कार्यकर्ताओं को भाजपा ने कल ही सम्मानित किया था।

यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कालकाजी से आप विधायक आतिशी ने कहा कि इन आठ लोगों को माला पहनाकर और सम्मान देकर भाजपा ने अपना 'असली चेहरा' दिखाया है। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के आठ कार्यकर्ताओं को पार्टी कार्यालय पर सम्मानित किया। ये कार्यकर्ता 30 मार्च को केजरीवाल के आवास पर कथित रूप से हमला करने के मामले में जेल में बंद थे और हाल ही में जमानत पर बाहर आए हैं।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने इस सप्ताह की शुरुआत में इन कार्यकर्ताओं को जमानत दे दी। आतिशी ने आरोप लगाया कि युवा मोर्चा के इन आठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित करके भाजपा ने दिखा दिया है कि वह ''गुंडों, लुच्चों लफंगों का सम्मान करती है।'' विधायक ने कहा, ''ऐसा करके उन्होंने (भाजपा) देशभर के अपने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि पार्टी उन लोगों को बढ़ावा देगी जो तोडफ़ोड़ और छेडख़ानी करेंगे।'' आतिशी ने कहा कि गुंडागर्दी और उसे बढ़ावा देना भाजपा के डीएनए में है। विधायक ने कहा, ''भाजपा अब भारतीय गुंडा पार्टी है। यह गुंडों, बलात्कारियों और छेडख़ानी करने वालों की पार्टी है।'' आतिशी ने कहा कि भाजपा ऐसे नेताओं का सम्मान करती है, उन्हें बढ़ावा देती है और यहां तक कि सरकार में कैबिनेट मंत्री का पद देकर उनका सम्मान देती है।

Next Story