दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली के आनंद पर्वत में एक इलाके में वर्चस्व को लेकर युवक की पीट-पीटकर हत्या

Admin Delhi 1
15 April 2022 2:49 PM GMT
दिल्ली के आनंद पर्वत में एक इलाके में वर्चस्व को लेकर युवक की पीट-पीटकर हत्या
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त रितिक (21) के रूप में हुई है। पुलिस को पता चला है कि इलाके में वर्चस्व को कायम करने के लिए रितिक को मौत के घाट उतारा गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक नाबालिग समेत तीन आरोपितों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान सोनू (30) और शिवकांत (22) के रूप में हुई है। जांच में पता चला है कि पहले भी दोनों गुप के बीच कई बार चाकूबाजी हो चुकी है। तीन-चार दिन पहले झगड़ा भी हुआ था। उसका बदला लेने और वर्चस्व कायम करने के लिए रितिक पर हमला किया गया। रितिक के खिलाफ पटेल नगर थाने में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस बाकी आरोपितों की तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक रितिक अपने परिवार के साथ बलजीत नगर इलाके में रहता था। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। गुरुवार शाम करीब चार बजे वह अपने नाबालिग दोस्त के साथ काली माता मंदिर, पटेल नगर पार्क से गुजर रहा था। इस बीच आठ-दस लड़कों ने रितिक व उसके नाबालिग दोस्त को घेर लिया। नाबालिग तो किसी तरह फरार हो गया, लेकिन रितिक आरोपितों के चुंगल में आ गया। आरोपितों ने उसे जमकर पीटा और फरार हो गए। राहगीरों ने उसे नजदीकी सरदार बल्लभ भाई पटेल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। खबर मिलने के बाद पटेल नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन के बाद पता चला कि एरिया आनंद पर्वत थाने का है। इसके बाद केस की जांच आनंद पर्वत को शिफ्ट कर दी गई। पुलिस ने रितिक के नाबालिग साथी के बयान पर मामला दर्ज किया। इसके बाद गुरुवार देर रात को ही तीन आरोपितों को दबोच लिया गया। बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है।

Next Story