- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- गुजरात के हाटकेश्वर...
गुजरात के हाटकेश्वर महादेव मंदिर में चल रहा विश्व शांति महायज्ञ, ओम बिरला करेंगे शिरकत

नई दिल्ली : वैश्विक शांति और सामाजिक सद्भाव की कामना के साथ गुजरात के वडनगर में चल रहे 10 दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी शामिल होंगे। वह 18 नवंबर को ऐतिहासिक श्री हाटकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर धार्मिक आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
लोकसभा सचिवालय के अनुसार, यह धार्मिक अनुष्ठान 11 नवंबर से शुरू हुआ है, जिसका समापन 20 नवंबर को होगा। महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य विश्व में शांति स्थापित करने, समाज में आपसी सौहार्द बढ़ाने और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है।
इस आयोजन को कांची कामकोटि पीठ के पीठाधिपति जगद्गुरु शंकर विजयेंद्र सरस्वती स्वामीगल का मार्गदर्शन और सान्निध्य प्राप्त हो रहा है। उनके निर्देशन में प्रतिदिन विभिन्न वैदिक और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं।
महायज्ञ में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए 144 वैदिक विद्वान हिस्सा ले रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी इस धार्मिक आयोजन से जुड़ रहे हैं। 18 नवंबर को ओम बिरला की प्रस्तावित उपस्थिति इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगी। महायज्ञ का समापन 20 नवंबर को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ किया जाएगा।





