- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- एक युवती ने मामा व...
एक युवती ने मामा व पिता के खिलाफ कराया मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज, जानिए पूरा मामला

दिल्ली क्राइम न्यूज़: एक युवती ने अपने मामा व पिता के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। मामला सीमापुरी इलाके का है जहां शाम के समय युवती अपने एक दोस्त के साथ बाइक से घूम रही थी। तभी उसके मामा ने उन्हें घूमते हुए देख लिया। इसके बाद दोनों की पिटाई कर दी। युवती के दोस्त का सिर फट गया। युवती के पिता को जब जानकारी मिली तो वह भडक़ गया और फोन कर बेटी को जान से मारने की धमकी दे दी। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने युवती के मामा व उसके पिता के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक युवती परिवार के साथ कोंडली में रहती है। लगभग तीन महीने से वह सीमापुरी इलाके में अपनी नानी के घर रह रही है। उसने शाम के समय दल्लूपुरा के रहने वाले अपने एक दोस्त को मिलने के लिए सीमापुरी बुलाया था। शाम को दोस्त वहां पहुंचा। इसके बाद दोनों बाइक से इलाके में घूमने लगे। उसके मामा ने दोनों को पकड़ लिया और उसके दोस्त से बाइक ले ली। फिर उसका मामा घर गया और उसकी नानी को लेकर आया। आरोप है कि उसके मामा का एक दोस्त भी आ गया। मामा व उसके दोस्त ने उन दोनों की पिटाई शुरू कर दी। उसके दोस्त का सिर पेड़ में मार दिया। जिससे उसका सिर फट गया। उसके मामा ने फोन कर उसके पिता को इस मामले की जानकारी दे दी। इस पर उसके पिता ने उसे फोन कर जान से मारने की धमकी दी। पड़ोस में रहने वाली उसकी सहेली मौके पर आई और दोनों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गई। युवती ने अपने मामा-पिता और मामा के दोस्त से जान को खतरा बताया है। फिलहाल पुलिस उसके मामा व पिता के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।





