दिल्ली-एनसीआर

महिला की हत्या के लिए सुपारी दी गई थी, पुलिस मुठभेड़ में शौकीन हुआ गिरफ्तार

Admin Delhi 1
27 March 2022 2:38 PM GMT
महिला की हत्या के लिए सुपारी दी गई थी, पुलिस मुठभेड़ में शौकीन हुआ गिरफ्तार
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: शाहदरा जिले के स्पेशल स्टाफ व गांधी नगर थाने की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद हत्याकांड के सुपारी किलर को गिरफ्तार कर किया है। इससे पहले एक बदमाश को पुलिस ने शनिवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। पकड़े गए आरोपियों में कुरेशियान मोहल्ला, डासना, गाजियाबाद निवासी शौकीन खान और जीशान है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक तमंचा, 14 कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। गांधी नगर इलाके में गत 14 मार्च को फातिमा उर्फ सुनीता (38) नामक महिला की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या करने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाया है। दरअसल फातिमा की ही एक जानकार महिला मधु उर्फ आरती उर्फ पंजाबन ने उसकी सुपारी देकर हत्या करवाई थी। शौकीन की गर्लफ्रेंड रानी उर्फ रेशमा ने मधु की मुलाकात शौकीन से करवाई थी। इसके बाद मधु ने शौकीन को फातिमा की हत्या करने की सुपारी दी। मुठभेड़ के दौरान टांग में गोली लगने से शौकीन जख्मी है। शाहदरा जिला पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आर. सत्यसुंदरम ने बताया कि स्पेशल स्टाफ और लोकल पुलिस की संयुक्त टीम ने छानबीन शुरू कर दी। स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर विकास की टीम एसआई विनित, एसआई प्रशांत, हेड कांस्टेबल सर्वेश, अनुज, और कांस्टेबल प्रवेश व एसआई विकास ने पुश्ता रोड पर पिकेट लगाकर जांच शुरू कर दी। तडक़े बाइक सवार बदमाश को पुलिस ने आते हुए देखा। उसे रुकने का इशारा किया तो वह वापस मुडक़र भागने लगा। इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह गिर गया। पुलिस ने आरोपी को काबू करने का प्रयास किया तो अचानक उसने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। एक गोली बेरीकेड पर लगी जबकि दूसरी गोली इंस्पेक्टर विकास की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई जो शौकीन की टांग में लगी। इसके बाद आरोपी को काबू कर अस्पताल ले जाया गया। आरोपी के पास से पिस्टल व बाइक, 13 कारतूस व हत्या के समय पहने हुए जूते बरामद हुए। वहीं इससे पूर्व पुलिस ने जीशान के पास से एक तमंचा व एक कारतूस बरामद किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सुपारी लेकर फातिमा की हत्या की बात कबूल ली। पुलिस ने मधु के घर छापेमारी की, लेकिन तब तक वह फरार हो गई। अब पुलिस को शौकीन की गर्लफ्रेंड रानी उर्फ रेशमा और मधु की तलाश है।

घर में घुसकर की थी महिला की हत्या: 14 मार्च को पुराने सीलमपुर, गली नंबर-8 में बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिला की हत्या कर दी। फातिमा यहां अपने पति व बच्चों से अलग किराए के मकान में रहती थी। उसका पति व तीन बच्चे कल्याणपुरी इलाके में रहते हैं। फातिमा एक फैक्टरी में काम करती थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। टेक्निकल सर्विलांस व लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने शनिवार को आनंद विहार इलाके से जीशान नामक बदमाश को दबोच लिया। उसने हत्या करने की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि शौकीन नामक बदमाश के साथ मिलकर फातिमा की हत्या की थी। पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि शनिवार देर रात या रविवार तडक़े शौकीन गांधी नगर इलाके में ठोकर नंबर-17, पुश्ता रोड पर आएगा।

गला घोंटकर शौकीन ने कर दी थी अपनी गर्लफ्रेंड के पति की हत्या: अरविंद के परिवार ने 16 अक्तूबर 2021 को उसकी गुमशुदगी भजनपुरा थाने में करवाई थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। अब शौकीन की गिरफ्तारी से पुलिस ने अरविंद की हत्या की गुत्थी को भी सुलझा लिया है। शाहदरा जिला पुलिस ने भजनपुरा थाना पुलिस को खबर दे दी है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि शौकीन ने अपनी गर्लफ्रेंड रानी के पति अरविंद की भजनपुरा इलाके से अगवा कर हत्या की थी। शौकीन ने अपने दो अन्य साथियों के साथ पहले अरविंद को अगवा किया। बाद में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी गाजियाबाद से अरविंद का शव पलवल इलाके में ले गया। वहां शव को ठिकाने लगा दिया था।

फातिमा के जेल में बंद कुछ गैंगस्टर से थे संबंध: फातिमा के जेल में बंद कुछ गैंगस्टर से संबंध थे, इसलिए वह मधु की हत्या करवा सकती है। मधु ने यह बात अपनी जानकार रानी उर्फ रेशमा को बताई। रेशमा ने उसे भरोसा दिलवाया कि वह अपने प्रेमी से उसका काम करवा देगी। बाद में रानी ने मधु की मुलाकात शौकीन से करवाई। एडवांस के रूप में एक लाख रुपये शौकीन को दे दिए गए। बाकी रुपये 50 हजार रुपये महीना किस्त देने की बात हुई। शौकीन ने अपने साथी जीशान के साथ मिलकर फातिमा की हत्या कर दी। बाद में दोनों फरार हो गए। पुलिस की पूछताछ में आरोपी शौकीन ने खुलासा किया कि मधु ओर फातिमा दोनों ही एक जगह काम कर चुके थे। दोनों एक दूसरे को अच्छी तरह जानते थे। मधु के पास ठीक-ठाक प्रॉपर्टी थी। मधु का एक ही बेटा था जिसने प्रेम विवाह कर लिया था। वह मां से अलग रहता था। किसी ने मधु को बताया था कि फातिमा इसका फायदा उठाकर उसकी प्रॉपर्टी पर कब्जा करना चाहती है।

Next Story