दिल्ली-एनसीआर

रिटायर्ड आईपीएस से फेसबुक के जरिए दोस्ती करके ठगे 8.17 लाख, मामला दर्ज

Admin Delhi 1
25 Jun 2022 11:39 AM IST
रिटायर्ड आईपीएस से फेसबुक के जरिए दोस्ती करके ठगे 8.17 लाख, मामला दर्ज
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: दिल्ली से सटे नोएडा में एक रिटायर्ड आईपीएस को फेसबुक पर एक महिला से दोस्ती करना महंगा पड़ गया। आरोपी महिला ठग ने खुद को मुम्बई एयरपोर्ट पर डेढ़ करोड़ रुपए के साथ फंसने का झांसा देकर आईपीएस से 8.17 लाख रुपए ठग लिए। इसको लेकर पीडि़त ने साइबर क्राइम थान में महिला व उसके साथी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस के मुताबिक लखनऊ के शहीद पथ स्थित सुशांत गोल्फ सिटी निवासी राम प्रताप सिंह रिटायर्ड आईपीएस है। वह उत्तर प्रदेश पुलिस के ट्रैफिक निदेशालय में डिप्टी डायरेक्टर ट्रैफिक के पद से रिटायर्ड है। आरपी सिंह का कहना है कि ट्रैफिक निदेशालय में कार्यकाल के दौरान यूपी हाईवे पुलिस प्रोजेक्ट को लेकर अमेरिका की एक एक्सपर्ट टीम के साथ बैठक हुई थी। विदेशी टीम में जेनेट नाम की एक महिला भी थी। कुछ दिन पहले ही उनके फेसबुक पर जेनेट नाम की महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। सिंह ने उसी जेनेट को समझकर रिक्वेस्ट को स्वीकार कर लिया। तभी जेनेट ने उनके पास मैसेज किया। इसमें जेनेट ने लिखा था कि वह मई महीने में लंदन से लखनऊ आ रही है। फिर 2 मई को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट से कस्टम विभाग का अधिकारी बताया। उसने खुद का नाम भूपाराम बताया। उसने सिंह से कहा कि उनकी जेनेट नाम की मित्र डेढ़ करोड़ रुपए के साथ पकड़ी गई है।

कस्टम, इनकम टैक्स व जीएसटी सहित अन्य बहानों से ठगे लाखों: आरोपी ने नकदी और जेनेट को छोडऩे के एवज में कस्टम ड्यूटी के रूप में पहले 68 हजार रुपये मांगे। सिंह ने पैसे संबंधित खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने मनी लॉड्रिंग, जीएसटी, इनकम टैक्स सहित विभिन्न बहानों से सिंह से कभी ढाई लाख तो कभी दो लाख रुपये ले लिये। इस तरह ठग ने पीडि़त से 8.17 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद भी आरोपी ने रुपये मांगे तो पीडि़त को उस पर शक हो गया। तब पुलिस को मामले की शिकायत दी। लखनऊ से मामले की जांच सेक्टर 36 साइबर क्रइम थाने को भेजी गई है। प्रभारी रीता यादव ने बताया है कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। आरोपियों के मोबाइल नंबर के आधार पर उनका पता लगाया जा रहा है।

Next Story