दिल्ली-एनसीआर

कचरा उठाने के लिए 700 हॉपर पिकर्स की होगी तैनाती

Admindelhi1
28 Oct 2026 12:53 PM IST
कचरा उठाने के लिए 700 हॉपर पिकर्स की होगी तैनाती
x
प्रदूषण नियंत्रण अभियान को मजबूत करेगी एमसीडी

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने प्रदूषण की रोकथाम के लिए तैयारी तेज करते हुए 700 हॉपर पिकर्स तैनात करने की घोषणा की।

एमसीडी की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि वायु प्रदूषण और स्मॉग से निपटने के लिए दिल्ली नगर निगम धूल नियंत्रण, सड़कों की सफाई, कचरे के निस्तारण और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर कार्रवाई तेज कर रहा है। एमसीडी के पास फिलहाल 66 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें, 167 वाटर स्प्रिंकलर और 28 एंटी स्मॉग गन कार्यशील हैं। सभी जोन में इनके इस्तेमाल के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं।

सत्या शर्मा ने बताया कि सड़क की धूल कम करने के लिए इस वर्ष 1,202 किलोमीटर सड़कों के पुनर्वास और सुधार का लक्ष्य रखा गया है। जनवरी से सितंबर तक 745 किलोमीटर सड़कों का काम पूरा हो चुका है। अप्रैल से सितंबर के बीच 8,141 गड्ढों की मरम्मत कर 17,132 वर्ग मीटर सड़क क्षेत्र दुरुस्त किया गया। विशेष अभियान के तहत 3,750 मीट्रिक टन सिल्ट भी हटाई जा चुकी है।

सत्या शर्मा के अनुसार, सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए नई मशीनों की तैनाती की जा रही है। चार घन मीटर क्षमता वाले 15 सीएनजी और दो घन मीटर क्षमता वाले 55 इलेक्ट्रिक एमआरएसएम वाहनों के लिए वर्क ऑर्डर जारी किया गया है। इन्हें नवंबर तक चरणबद्ध तरीके से तैनात करने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, 31 दिसंबर तक 700 हॉपर पिकर्स तैनात करने का लक्ष्य है। हाल ही में खरीदे गए 12 वाटर स्प्रिंकलर और एंटी स्मॉग गन भी जल्द तैनात किए जाएंगे।

सत्या शर्मा ने बताया कि निर्माण एवं विध्वंस मलबे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए एमसीडी ने ‘शहरी मल्बा’ ऐप शुरू किया है। दिल्ली में प्रतिदिन लगभग 5,000 से 6,000 मीट्रिक टन निर्माण मलबा निकलता है। वहीं, अप्रैल से सितंबर तक निगम क्षेत्र में 1,34,029 पेड़ और 2,74,465 झाड़ियां लगाई गईं।

सत्या शर्मा ने कहा कि निगम की प्राथमिकता धूल और कचरे के स्रोतों पर नियंत्रण, नियमित सफाई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के जरिये प्रदूषण कम करने के प्रयासों को प्रभावी बनाना है।

Next Story