दिल्ली-एनसीआर

Australia से डिपोर्ट 15 भारतीय दिल्ली पहुंचे, वीज़ा उल्लंघन के मामलों में पुलिस हिरासत में लिए गए

Kavita2
1 May 2026 11:31 AM IST
Australia से डिपोर्ट 15 भारतीय दिल्ली पहुंचे, वीज़ा उल्लंघन के मामलों में पुलिस हिरासत में लिए गए
x

Delhi दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया से गुरुवार को डिपोर्ट किए गए 15 भारतीय नागरिक शुक्रवार को दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां पहुंचते ही उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इन सभी को वीज़ा नियमों के उल्लंघन और अन्य कानूनी कारणों के चलते वापस भारत भेजा गया है।

सूत्रों के मुताबिक, डिपोर्ट किए गए लोगों में से 9 नागरिक पंजाब से हैं, जबकि अन्य की पहचान हरियाणा, उत्तराखंड और तेलंगाना से संबंधित बताई गई है। इनमें से एक व्यक्ति हरियाणा से, एक उत्तराखंड से और दो तेलंगाना से बताए गए हैं। सभी की उम्र लगभग 25 से 45 वर्ष के बीच है।

पंजाब पुलिस ने एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद अपने राज्य के नौ लोगों को अपनी हिरासत में ले लिया। ये सभी अलग-अलग जिलों से संबंधित हैं, जिनमें मोगा, खन्ना, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, तरनतारन, गुरदासपुर, रोपड़ और फिरोजपुर शामिल हैं।

जिन व्यक्तियों की पहचान सामने आई है, उनमें जालंधर के संसारपुर के सतिंदरजीत सिंह शेरगिल (31), होशियारपुर के जसवंत सिंह (34), तरनतारन के चौधरीवाला के अंग्रेज सिंह (32), मोगा के दौधर के हरप्रीत सिंह, गुरदासपुर के देहरीवाल के जसप्रीत सिंह (37), चचराड़ी के जगजीत सिंह सिद्धू (35), खन्ना के समराला के रणजीत सिंह (25), SBS नगर के बलाचौर के हरप्रीत सिंह और रोपड़ के कीरतपुर साहिब की श्रुति शर्मा (45) शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, श्रुति शर्मा 2008 में ऑस्ट्रेलिया गई थीं और उनका वीज़ा समाप्त होने के बाद भी वे वहीं रह रही थीं। इसी तरह अन्य मामलों में भी वीज़ा अवधि समाप्त होने या दस्तावेजी अनियमितताओं के कारण डिपोर्टेशन की कार्रवाई की गई है।

एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद सभी डिपोर्ट किए गए व्यक्तियों को संबंधित राज्य पुलिस के हवाले कर दिया गया। अब इन मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई संबंधित राज्यों की पुलिस और इमिग्रेशन विभाग द्वारा की जाएगी।

Indira Gandhi International Airport पर हुई इस कार्रवाई के बाद संबंधित राज्यों में जांच तेज कर दी गई है और उनके विदेश यात्रा दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

Next Story