दिल्ली-एनसीआर

14 वर्षीय लड़की से कई महीने तक किया रेप, वीडियो बनाकर महीनों तक किया ब्लैकमेल

Admin Delhi 1
14 Jun 2022 10:41 AM GMT
14 वर्षीय लड़की से कई महीने तक किया रेप, वीडियो बनाकर महीनों तक किया ब्लैकमेल
x

एनसीआर नॉएडा क्राइम न्यूज़: जेवर कस्बा में बड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। कस्बे में रहने वाली एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ एक युवक ने कई महीने तक बलात्कार किया। जब किशोरी गर्भवती हो गई तो उसके परिजनों को इस बात की जानकारी मिली। थाना जेवर के थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि इस बाबत लड़की के परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। उसे जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बेहोश कर रेप किया, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता रहा: लड़की के परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक ने पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया। लड़की को बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दुष्कर्म की अश्लील फोटो और वीडियो बना लीं। इन फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। वह लड़की को बार-बार अपने घर और दूसरी जगहों पर बुलाकर दुष्कर्म करता रहा। इसी बीच वह गर्भवती हो गई। जब लड़की के पेट में दर्द हुआ तो परिजन उसे अस्पताल लेकर गए। वहां पता चला कि वह गर्भवती है।

अस्पताल से लड़की को कोतवाली लेकर पहुंचे परिजन: डॉक्टरों की बात सुनकर परिवार के पांव तले से जमीन खिसक गई। परिवार के सदस्य लड़की को अस्पताल से सीधे जेवर कोतवाली लेकर पहुंचे। लड़की ने पूरी घटना के बारे में महिला पुलिसकर्मी को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दूसरी तरफ यह घटना जानकारी में आने के बाद दोनों और के लोगों में तनाव व्याप्त है।

Next Story