COVID-19

दिल्ली में मोबाइल वैन RT-PCR लैब की हुई शुरुआत, जिसमें महज 6 घंटे में आएगी कोरोना की रिपोर्ट

Nilmani Pal
23 Nov 2020 12:37 PM GMT
दिल्ली में मोबाइल वैन RT-PCR लैब की हुई शुरुआत, जिसमें महज 6 घंटे में आएगी कोरोना की रिपोर्ट
x
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने सोमवार को राजधानी दिल्ली में मोबाइल वैन RT-PCR लैब की शुरुआत की

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने सोमवार को राजधानी दिल्ली में मोबाइल वैन RT-PCR लैब की शुरुआत की। ICMR की यह मोबाइल वैन लैब कंटेनमेंट जोन के पास लगाई जाएगी। यहां कोई भी 499 रुपए देकर कोरोना की जांच करा सकेगा। इसकी रिपोर्ट भी महज 6 घंटे के अंदर आ जाएगी।

वहीं, दिल्ली में ITBP के कोविड-19 केयर सेंटर में बेड की क्षमता 2 हजार से बढ़ाकर 3 हजार की जाएगी। ITBP के डायरेक्टर जनरल एसएस देसवाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कोविड केयर सेंटर में दिल्ली-एनसीआर के मरीजों का इलाज होगा। जो एक हजार नए बेड तैयार किए जा रहे हैं, उनमें ऑक्सीजन सप्लाई की सुविधा भी होगी।

टेस्टिंग में कमी आई

देश में टेस्टिंग में भी कमी आई है। रविवार को 8.49 लाख टेस्ट किए गए। 12 नवंबर के बाद से यह छठवीं बार है, जब 10 लाख से कम टेस्ट किए गए। इससे पहले 13 नवंबर को 9.29 लाख, 14 नवंबर को 8.05 लाख, 15 नवंबर को 8.61 लाख, 16 नवंबर को 8.44 लाख और 17 नवंबर को 9.37 लाख टेस्ट किए गए। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

मरीजों का आंकड़ा 91.40 लाख

देश में अब तक 91 लाख 40 हजार 980 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 85 लाख 61 हजार 444 लोग ठीक हो चुके हैं। 1 लाख 33 हजार 790 मरीजों की मौत हो चुकी है। 4 लाख 43 हजार 684 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।


कोरोना अपडेट्स

  • उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्या को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। रविवार को वह कोरोना संक्रमित पाई गई थीं। एम्स के PRO डॉ. हर्ष थपलियाल ने बताया कि 5 डॉक्टर्स की टीम राज्यपाल के स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग कर रही है।
  • हिमाचल प्रदेश सरकार ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए 31 दिसंबर तक सभी सरकारी एजुकेशनल इंस्टीट्यूट बंद रखने का फैसला लिया है। ऑनलाइन क्लासेज 26 नवंबर से शुरू हो जाएंगे। टीचर्स घर से ही बच्चों को पढ़ा सकेंगे। इसके बाद 1 जनवरी से 12 फरवरी तक ठंड की छुट्टियां रहेंगी।
  • अमेरिका में 11 दिसंबर से वैक्सीनेशन शुरू हो जाएगा। उधर, ब्रिटेन, जर्मनी में भी दिसंबर से औपचारिक तौर पर टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा। उधर, परीक्षणों में ऑक्सफोर्ड/एस्ट्राजेनेका वैक्सीन (कोवीशील्ड) 90% तक असरदार पाई गई है।
  • स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने इंडिया टुडे को बताया कि भारत में वैक्सीन अगले साल के शुरुआती तीन महीनों में मिलने की उम्मीद है। सितंबर 2021 तक 25-30 करोड़ भारतीयों को टीका लगाया जा सकता है। सबसे पहले हेल्थ वर्कर्स का वैक्सीनेशन होगा।
  • इंदौर प्रशासन ने कोरोना की नई गाइडलाइन जारी की। अब दुकानें रात आठ बजे ही बंद करनी होंगी, जो सुबह छह बजे खोली जा सकेंगी। शादी, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों में 250 से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। शादी रात 10 बजे तक खत्म करना होगी। शव यात्रा ,उठावने और जनाजे में भी अधिकतम 50 लोग शामिल हो सकेंगे।


3 अक्टूबर से अब तक 3 बार बढ़े एक्टिव केस

देश में रविवार को 2480 एक्टिव केस बढ़े। यह आंकड़ा 2 अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा है। 3 अक्टूबर से 22 नवंबर के बीच सिर्फ तीन बार ही एक्टिव केस में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे पहले 19 नवंबर को 344 और 21 नवंबर को 732 एक्टिव केस बढ़े।

ऐसे निकलते हैं एक्टिव केस

एक्टिव केस मतलब ऐसे मरीज जिनका इलाज चल रहा है। देश में अभी ऐसे मरीजों की कुल संख्या 4 लाख 43 हजार 864 है। इन मरीजों की संख्या हर दिन मिलने वाले कुल संक्रमितों में से उस दिन होने वाली रिकवरी और जान गंवाने वालों की संख्या को घटाया जाता है।

उदाहरण के लिए रविवार को देश में कुल 44 हजार 404 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 41 हजार 405 मरीज ठीक हुए और 510 की मौत हो गई। अब रविवार को एक्टिव केस घटे या बढ़े ये जानने के लिए 44 हजार 404 में से रिकवर हुए 41 हजार 405 और जान गंवाने वाले 510 मरीजों की संख्या घटा दीजिए। रिजल्ट 2480 आता है। मतलब रविवार को इतने ही एक्टिव केस बढ़े हैं।

6 राज्यों का हाल

1. दिल्ली

राजधानी दिल्ली में रविवार को 6746 लोग संक्रमित पाए गए। 6154 लोग ठीक हुए और 121 की मौत हो गई। दिल्ली में इससे पहले 18 नवंबर को सबसे ज्यादा 131 मरीजों की मौत हुई थी। अब तक 5 लाख 29 हजार 863 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 40 हजार 212 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 81 हजार 260 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 8391 हो गई है।


2. मध्यप्रदेश

राज्य में रविवार को 1798 लोग संक्रमित पाए गए। 1212 लोग ठीक हुए और 13 की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 93 हजार 44 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 11 हजार 765 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक 1 लाख 78 हजार 117 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3162 हो गई है।


3. गुजरात

यहां बीते 24 घंटे में 1495 केस आए। 1167 मरीज ठीक हुए और 13 की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस में 315 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य में अब तक 1 लाख 97 हजार 412 केस आ चुके हैं। इनमें से 1 लाख 80 हजार 53 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 3 हजार 859 की मौत हो चुकी है।


4. राजस्थान

राज्य में पिछले 24 घंटे के अंदर 3260 लोग संक्रमित पाए गए। 2004 लोग ठीक हुए और 17 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 43 हजार 936 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 23 हजार 190 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक 2 लाख 18 हजार 583 लोग ठीक हो चुके हैं। 2163 मरीजों की मौत हो चुकी है।

5. महाराष्ट्र

राज्य में रविवार को 5753 नए मामले सामने आए। 4060 लोग ठीक हुए और 50 की मौत हो गई। अब तक 17 लाख 80 हजार 208 लोग संक्रमण की चपेट आ चुके हैं। इनमें 81 हजार 512 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 16 लाख 51 हजार 64 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 46 हजार 623 हो गई है।


6. उत्तरप्रदेश

राज्य में रविवार को 2557 लोग संक्रमित पाए गए। 2187 लोग ठीक हुए और 35 की मौत हो गई। अब तक 5 लाख 26 हजार 780 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 23 हजार 806 मरीजों का इलाज चल रहा है। 4 लाख 95 हजार 415 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 7559 हो गई है।


Next Story