COVID-19

अमेरिका में कोरोना वे लोगों से फैल रहा जिनमें इसके लक्षण नहीं है, क्रिसमस व सर्दियों में हो सकती हैं हालात गंभीर

Nilmani Pal
22 Nov 2020 8:40 AM GMT
अमेरिका में कोरोना वे लोगों से फैल रहा जिनमें इसके लक्षण नहीं है, क्रिसमस व सर्दियों में हो सकती हैं हालात गंभीर
x
अमेरिका में नए मरीजों के लिहाज से नवंबर बहुत खतरनाक महीना हो सकता है

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। अमेरिका में एक दिन में मिलने वाले कोरोना मरीजों की संख्या दो लाख के करीब पहुंच गई है। शनिवार को यहां एक लाख 95 हजार नए केस मिले। इससे पहले शुक्रवार को एक लाख 98 हजार पांच सौ मरीज सामने आए थे। इनमें 82 हजार से ज्यादा को हॉस्पिटल में भर्ती करना पड़ा। अब देश में संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 22 लाख को पार कर चुकी है। 10 लाख मरीज तो पिछले छह दिन में ही बढ़ गए हैं।

US सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस उन लोगों के कारण ज्यादा फैल रहा है, जिनमें इसके लक्षण नहीं हैं। संस्था का कहना है कि इस वजह से मास्क पहनना बहुत जरूरी है। कुछ एक्सपर्ट्स ने आशंका जताई है कि क्रिसमस और सर्दी की छुट्टियों में हालात ज्यादा बिगड़ सकते हैं, क्योंकि इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सफर करेंगे।

अमेरिका में नए मरीजों के लिहाज से नवंबर बहुत खतरनाक महीना हो सकता है। इस समय देश के हर राज्य में बड़ी संख्या में मरीज मिल रहे हैं। इससे देश में मरीजों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है। इस महीने में अब तक 27 लाख नए मरीज मिल चुके हैं। इतनी ज्यादा संख्या में मरीज मिलने से अस्पतालों में भी स्थिति बिगड़ रही है।

दो हफ्ते से लगातार हर दिन एक लाख केस मिल रहे

न्यू यॉर्क टाइम्स के मुताबिक, पिछले दो सप्ताह से लगातार एक लाख से ज्यादा केस हर दिन सामने आ रहे हैं। इस बीच व्हाइट हाउस के एक एक्सपर्ट ने चेतावनी दी है कि अब कोरोना का फैलाव पहले से ज्यादा तेज और व्यापक है। व्हाइट हाउस में कोरोना वायरस टास्क फोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. डेबोराह बिर्क्स का कहना है कि वायरस तेजी से तो फैल ही रहा है, मुझे चिंता है कि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रह सकती है।

दुनियाभर में अब तक 5.78 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 4.03 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13.76 लाख लोगों की जान जा चुकी है। अब 1.64 करोड़ मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है, यानी एक्टिव केस। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। अमेरिका में हालात किस कदर बिगड़ रहे हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 24 घंटे में यहां 2 हजार 15 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के लिए भी अच्छी खबर नहीं है। उनका बड़ा बेटा भी पॉजिटिव हो गया है।

ट्रम्प का बेटा भी संक्रमित

राष्ट्रपति चुनाव हार चुके लेकिन कुर्सी न छोड़ने की जिद पर अड़े डोनाल्ड ट्रम्प और पत्नी मेलानिया के बाद बेटा ट्रम्प जूनियर भी पॉजिटिव पाया गया है। द गार्डियन ने यह खबर दी है। ट्रम्प के स्पोक्समैन ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा- राष्ट्रपति के बेटे ने इस हफ्ते की शुरुआत में टेस्ट कराया था। उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। हमारे लिए यह चिंता की बात है। हालांकि, उनमें किसी तरह के लक्षण फिलहाल दिखाई नहीं दिए हैं।

पिछले महीने राष्ट्रपति और उनकी पत्नी के साथ ही सबसे छोटा बेटा पॉजिटिव पाए गए थे। तब इलेक्शन कैम्पेन का आखिरी दौर चल रहा था। ट्रम्प तीन दिन में रैलियां करने लगे थे।

और खराब होंगे हालात

अमेरिका में संक्रमितों का आंकड़ा बेहद तेजी से बढ़ रहा है। इससे भी ज्यादा परेशान करने वाली बात यह है कि संक्रमण से मरने वालों की संख्या में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। 24 घंटे के दौरान यहां 2 हजार 15 मरीजों ने दम तोड़ दिया। मई के बाद एक दिन में हुई मौतों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी द्वारा जारी डेटा में यह जानकारी दी गई है। इस बीच अमेरिका के ही कुछ जानकारों ने आशंका जताई है कि अगर अब भी आजादी के नाम पर सख्त उपायों को टाला जाता रहा तो अस्पतालों में जगह नहीं बचेगी।


24 घंटे के दौरान अमेरिका में संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख 87 हजार और बढ़ गया। अब कुल संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 22 लाख से ज्यादा हो चुकी है। 2 लाख 60 हजार संक्रमितों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में जनवरी में पहला मामला सामने आया था। दो हफ्ते में हर रोज यह फिगर औसतन 1.5 लाख की रफ्तार से बढ़ रहा है।


रूस में एक दिन में 25 हजार केस

रूस में संक्रमितों की संख्या तेज रफ्तार से बढ़ रही है। हेल्थ मिनिस्ट्री द्वार शनिवार शाम जारी आंकड़ों के मुताबिक, 24 घंटे में 24 हजार 822 नए मामले सामने आए हैं। अकेले मॉस्को में ही शनिवार को संक्रमितों की संख्या 7 हजार 168 बढ़ गई। संक्रमितों की साथ ही मरने वालों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ा। देश में शनिवार को कुल 467 लोगों की मौत हुई। रूस में कुल मिलाकर अब तक 35 हजार 778 लोगों की मौत हो चुकी है।

मैक्सिको में मरने वालों का आंकड़ा एक लाख से ज्यादा हुआ

लैटिन अमेरिकी देश मैक्सिको में मरने वालों का आंकड़ा एक लाख हो गया है। शनिवार को देश में कुल 719 संक्रमितों ने दम तोड़ा। देश में फिलहाल करीब एक लाख 26 हजार संक्रमित हैं। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, संक्रमितों की वास्तविक संख्या इससे काफी ज्यादा हो सकती है, क्योंकि दूर दराज के कई इलाकों में अब भी टेस्टिंग और दूसरी सुविधाएं नहीं हैं।

CDC की अपील

अमेरिका में सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन यानी CDC ने देश के नागरिकों से अपील की है कि वे थैंक्सगिविंग डे पर यात्रा करने से बचें। CDC के डायरेक्टर डॉक्टर हेनरी वेक ने कहा- हम जितना ज्यादा सफर करेंगे, महमारी का खतरा उतनी ही तेजी से फैलता जाएगा और यह सबके लिए खतरनाक है। फिर भी अगर आप यात्रा करना ही चाहते हैं तो हर उस गाइडलाइन का पालन करें जो हमने जारी की हैं। हम जानते हैं कि छुटि्टयों का हर कोई लुत्फ उठाना चाहता है, लेकिन कुछ खतरों को किसी भी हाल में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। माना जा रहा है कि आज देर रात CDC कुछ नई गाइडलाइन्स जारी कर सकता है।



Next Story