COVID-19

COVID-19: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इन 7 राज्य सरकारों को कोरोना से मौतों में रोक लगाने पर फोकस करने को कहा

Nilmani Pal
12 Nov 2020 10:21 AM GMT
COVID-19: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इन 7 राज्य सरकारों को कोरोना से मौतों में रोक लगाने पर फोकस करने को कहा
x
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को फोन पर WHO प्रमुख टी. ए. गेब्रेयेसस से बातचीत की

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। देश के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बुधवार को 7 राज्य सरकारों को कोरोना से होने वाली मौतों पर रोक लगाने पर फोकस करने को कहा। इन राज्यों में महाराष्ट्र, उत्तराखंड, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा और गोवा शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने इसके लिए कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों, स्वास्थ्य मंत्रियों और अफसरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की।

डॉ. हर्षवर्धन ने अगले 24, 48 या 72 घंटे के अंदर ठोस कदम उठाने के लिए कहा। उन्होंने कहा, इन राज्यों में टेस्टिंग भी बढ़ाई जाना चाहिए। खासतौर पर उन शहरों में जहां कोविड पॉजिटिविटी रेट हाई है। स्वास्थ्य मंत्री ने प्रशासनिक अफसरों से कहा कि वह ऐसे इलाकों पर फोकस करें जहां ज्यादा भीड़ जुटती हो।

पीएम मोदी ने WHO प्रमुख से बात की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को फोन पर वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) प्रमुख टी. ए. गेब्रेयेसस से बातचीत की। इसमें वैश्विक स्तर पर कोविड-19 के खिलाफ एकसाथ मिलकर लड़ाई लड़ने पर सहमति बनी। पीएमओ की ओर से जारी बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने WHO के कामकाज की तारीफ की। मोदी ने WHO प्रमुख से कहा कि कोरोना के बीच अन्य बीमारियों से ध्यान नहीं हटना चाहिए। उनके खिलाफ भी जंग को इसी तरह जारी रखना पड़ेगा।

अब तक 86.84 लाख केस

देश में अब तक 86 लाख 84 हजार 39 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 4 लाख 89 हजार 428 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 80 लाख 64 हजार 548 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते जान गंवाने वालों का आंकड़ा अब 1 लाख 28 हजार 164 हो गया है।


पश्चिम बंगाल सरकार का बड़ा फैसला

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बुधवार को बड़ा फैसला लिया है। अगले साल यानी 2021 में 10वीं और 12वीं के स्टूडेंट्स बगैर परीक्षा दिए पास कर दिए जाएंगे। स्टेट एजुकेशन डिपार्टमेंट ने इसके लिए आदेश भी जारी कर दिया है।


कोरोना अपडेट्स

  • दिल्ली हाईकोर्ट ने लोगों के जमावड़े और ट्रांसपोर्ट से जुड़ी पाबंदियों में ढील देने पर केजरीवाल सरकार को फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा- दिल्ली में संक्रमण की रफ्तार बेकाबू हो चुकी है। सरकार के पास इससे निपटने के लिए कोई रणनीति है या नहीं? अदालत ने सरकार से पिछले दो हफ्ते में कोरोना की रोकथाम के लिए किए गए उपायों पर स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी।
  • हाईकोर्ट ने बुधवार को कहा कि राजधानी में कोरोना केस लगातार बढ़ रहे हैं। सीरो सर्वे के नतीजे दिखाते हैं कि दिल्ली में हर चौथा इंसान संक्रमित हो चुका है। शहरी राज्य दिल्ली संक्रमण के मामले में केरल और महाराष्ट्र को पीछे छोड़ रहा है। दूसरे राज्य पाबंदियां बढ़ा रहे हैं, लेकिन दिल्ली सरकार तमाम सावधानियों को हवा में उड़ाते हुए नियमों में ढील दे रही है।
  • गुजरात सरकार ने राज्य में 23 नवंबर से स्कूल-कॉलेज खोलने का फैसला लिया है। स्टेट एजुकेशन मिनिस्टर भूपेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी दी।
  • दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कोरोना की तीसरी लहर ज्यादा दिन तक चल सकती है। इसमें पिछले बार के मुकाबले ज्यादा केस भी आ सकते हैं।
  • हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य में कोरोना से बिगड़ते हालात पर राज्य सरकार को नोटिस जारी की है। कोर्ट ने 13 नवंबर तक राज्य सरकार को जवाब दाखिल करने को कहा है। पूछा है कि कोरोना के रोकथाम के लिए आप क्या कदम उठा रहे हैं ?
  • देश में कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 12 करोड़ के पार हो गया है। इनमें 7.10% लोग संक्रमित मिले हैं। शुरुआती दो करोड़ टेस्टिंग में सबसे ज्यादा 18.04 लाख संक्रमित मिले थे। इसके बाद 3 से 4 करोड़ टेस्टिंग में 16.57 लाख लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस बार 11 से 12 करोड़ टेस्टिंग होने में सबसे कम 8.33 लाख लोग संक्रमित मिले।


देश में तेजी से घटे एक्टिव केस

देश में कोरोना का इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा पांच लाख से नीचे आ गया। हालांकि, इसे छह लाख से पांच लाख होने में 12 दिन लगे। 17 सितंबर को एक्टिव केस सबसे ज्यादा 10.17 लाख थे, इसके बाद से इसमें लगातार गिरावट आ रही है। 21 सितंबर को 9.75 लाख एक्टिव केस थे। ये 8 अक्टूबर को 8.93 लाख हो गए। करीब एक लाख का यह फासला कम होने में सबसे ज्यादा 17 दिन लगे।


पांच राज्यों का हाल

1. मध्यप्रदेश

राज्य में बुधवार को 883 कोरोना मरीज मिले। 691 लोग रिकवर हुए और 13 संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 79 हजार 951 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8328 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 68 हजार 568 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 3055 मरीजों की मौत हो चुकी है।


2. राजस्थान

बुधवार को राज्य में 2080 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसी के साथ मरीजों का आंकड़ा अब 2 लाख 17 हजार 151 हो गया है। इनमें 16 हजार 993 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 98 हजार 139 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक संक्रमण के चलते 2019 मरीजों की मौत हो चुकी है।


3. बिहार

पिछले 24 घंटे के अंदर 702 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसी के साथ मरीजों का आंकड़ा अब 2 लाख 24 हजार 977 हो गया है। इनमें 6392 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 17 हजार 422 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1162 हो गई है।


4. महाराष्ट्र

राज्य में बुधवार को 4907 नए मरीज मिले। 9164 लोग रिकवर हुए और 125 संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 17 लाख 31 हजार 833 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 88 हजार 70 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 15 लाख 97 हजार 255 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से अब तक 45 हजार 560 लोगों की मौत हो चुकी है।


5. उत्तरप्रदेश

राज्य में बुधवार को भी नए मरीजों से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी। पिछले 24 घंटे के अंदर 1848 लोग संक्रमित पाए गए। 2112 लोग रिकवर हुए और 20 की मौत हो गई। अब तक 5 लाख 3 हजार 159 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 22 हजार 562 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक 4 लाख 73 हजार 316 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 7281 हो गई है।


Next Story