COVID-19

COVID-19: देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 83 लाख के पार, इन राज्यों में बढ़ें एक्टिव केस के ज्यादा मामले

Nilmani Pal
4 Nov 2020 11:07 AM GMT
COVID-19: देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 83 लाख के पार, इन राज्यों में बढ़ें एक्टिव केस के ज्यादा मामले
x
इस बीच, रिकवरी रेट बढ़कर 92% हो गया, स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया, संक्रमण का ओवरऑल पॉजिटिविटी रेट 8% से घटकर हुआ 7.4%

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 83 लाख के पार हो गया है। अब तक 83 लाख 12 हजार 947 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 76 लाख 54 हजार 757 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 23 हजार 650 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। 5 लाख 33 हजार 27 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

4 राज्यों में केस फिर से बढ़ने लगे

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अक्टूबर के मुकाबले नवंबर में मणिपुर, दिल्ली, केरल और पश्चिम बंगाल में एक्टिव केस की संख्या तेजी से बढ़ी है। मणिपुर में अक्टूबर की शुरुआत में 2 हजार एक्टिव केस थे जो अब 3500 हो गए हैं।

दिल्ली में 26 हजार से बढ़कर 33 हजार, केरल में 77 हजार से 86 हजार और पश्चिम बंगाल में 26 हजार से बढ़कर 36 हजार एक्टिव केस हो गए हैं। इसे रोकने के लिए टेस्टिंग, ट्रेसिंग और ट्रीटमेंट पर फोकस करना होगा।

रिकवरी रेट बढ़कर 92% हुआ

इस बीच, रिकवरी रेट बढ़कर 92% हो गया है। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि संक्रमण का ओवरऑल पॉजिटिविटी रेट 8% से घटकर 7.4% हो गया है। वीकली पॉजिटिविटी रेट भी 5.2% से कम होकर 4.4% और डेली पॉजिटिविटी रेट 3.7% हो गया है।


दिल्ली के प्राइवेट अस्पतालों में 70% ICU बेड फुल

राजधानी दिल्ली का ट्रेंड बता रहा है कि यहां तीसरी लहर चल रही है। इस कारण दिल्ली के अस्पतालों पर भी दबाव बढ़ा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार राजधानी के निजी अस्पतालों में मौजूद 1244 वेंटिलेटर वाले आईसीयू बेड में से 837 फुल हैं। कई अस्पतालों में एक भी बेड खाली नहीं हैं। सरकारी अस्पतालों पर भी दबाव बढ़ रहा है। एलएनजेपी अस्पताल में आईसीयू के 200 में सिर्फ 11 बेड खाली हैं। वहीं सफदरजंग अस्पताल में 1 (54 में से), एम्स ट्रॉमा सेंटर में 3 (50 में से) बेड ही खाली हैं।


कोरोना अपडेट्स

  • एक रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 46 फीसदी भारतीयों ने कोरोना महामारी के दौरान घर चलाने के लिए कर्ज लिया। ज्यादातर कर्ज परिवार के सदस्यों या दोस्तों से लिया गया। यह जानकारी होम क्रेडिट इंडिया की ताजा रिपोर्ट से सामने आई है। इसके लिए मुंबई, दिल्ली, भोपाल और पटना सहित देश के सात शहरों में सर्वे किया गया। 27 फीसदी ने किसी पुराने लोन की किस्त चुकाने के लिए पैसे लिए। वहीं, 14 फीसदी लोगों ने नौकरी जाने के कारण कर्ज लिया।
  • दिल्ली में मंगलवार को एक दिन में 6,725 संक्रमित मरीज़ मिलने की पुष्टि हुई है। इन नए मरीजों के साथ दिल्ली में अब तक 4 लाख से अधिक कोरोना पीड़ित मरीज मिल चुके हैं। दिल्ली में पहली बार एक दिन में साढ़े छह हजार से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। 48 मरीजों की मौत भी हुई है। दिल्ली में 59,440 सैंपल की जांच में 11.29 फीसदी कोरोना संक्रमित मिले हैं। संक्रमण दर बढ़ने से विशेषज्ञों ने चिंता जाहिर की है।
  • कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए ओडिशा सरकार ने भी पटाखों की खरीददारी और बिक्री पर रोक लगा दी है। ये रोक 10 से 30 नवंबर तक लगी रहेगी। सरकार ने इस बाबत नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है।
  • केंद्रीय हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को बताया कि अभी भी कई देशों ने भारतीयों की एंट्री पर कोविड-19 के चलते रोक बरकरार रखी है।
  • गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि 21 नवंबर से राज्य में 10वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए फिर से स्कूल खुल जाएंगे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए गाइडलाइन का पालन होगा।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि कोरोना से लड़ाई के लिए देशभर के स्वास्थ्यकर्मियों को ट्रेनिंग दी गई थी। अभी भी ये ट्रेनिंग प्रोग्राम जारी है। iGOT प्लेटफार्म के तहत सभी कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी गई है।
  • राजस्थान सरकार ने कोविड-19 के चलते राज्य में पटाखों की खरीद और फरोख्त पर रोक लगा दी है। अगर कोई पटाखा बेचता हुआ नजर आएगा तो उस पर 10 हजार का फाइन लगेगा। पटाखा बजाने वालों पर 2 हजार रुपए का फाइन लगेगा।


सोमवार को 37 हजार संक्रमित मिले

सोमवार को 37 हजार 592 संक्रमित मिले, 58 हजार 524 मरीज ठीक हो गए और 497 की मौत हो गई। इससे एक ही दिन में 21 हजार 443 एक्टिव केस कम हुए। ये नए केस का 58% हैं। प्रतिशत के हिसाब से 12 अक्टूबर के बाद यह दूसरी बड़ी गिरावट है। इससे पहले 26 अक्टूबर को 36 हजार 104 केस आए थे, जबकि 28 हजार 241 एक्टिव केस कम हुए थे। यह आंकड़ा नए केस का 78% था और 12 अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा था।

21 जुलाई के बाद यह दूसरा मौका था जब 40 हजार से कम केस आए। 21 जुलाई को 39 हजार 170 केस आए थे। इसके बाद 26 अक्टूबर को 36 हजार 104 केस आए थे। 12 अक्टूबर के बाद छह बार 20 हजार से ज्यादा एक्टिव केस कम हुए हैं।


56 दिन में 4.77 लाख एक्टिव केस घटे

देश में इलाज करा रहे कोरोना के मरीजों की संख्या में 17 सितंबर से अब तक 4.77 लाख की कमी आई है। तब यह आंकड़ा 10.17 लाख के पीक पर था, अब 5.40 लाख है। तब रोजाना 90 से 95 हजार मरीज मिल रहे थे, अब यह संख्या घटकर 40 से 50 हजार के आसपास हो गई है। हर 10 दिन में नए केस में करीब 10 हजार तक की कमी आ रही है।

महामारी की रफ्तार ऐसे ही कम हुई तो हो सकता है कि दिसंबर के आखिरी में नए केस आना बंद हो जाएं या एक्का-दुक्का आएं। ऐसा हुआ तो जनवरी के पहले या दूसरे हफ्ते में एक्टिव केस भी लगभग न के बराबर हो जाएंगे। हालांकि, यह तभी संभव है, जब संक्रमण की दूसरी लहर न आए, इसे काबू करने की कोशिशें और बेहतर हों, साथ ही लोग पूरी सावधानी बरतें।


पांच राज्यों का हाल

1. मध्यप्रदेश

राज्य में मंगलवार को 667 नए मरीज मिले और 912 लोग रिकवर हुए। अब तक 1 लाख 73 हजार 384 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 8044 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 62 हजार 366 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 2974 मरीजों की मौत हो चुकी है।


2. राजस्थान

राज्य में पिछले 24 घंटे में 1725 नए मरीज मिले। 1219 लोग रिकवर हुए और 10 मरीजों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 2 लाख 2 हजार 220 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 16 हजार 385 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 83 हजार 899 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से अब तक 1936 मरीजों की मौत हो चुकी है।


3. बिहार

राज्य में मंगलवार को 846 कोरोना मरीज मिले, 875 लोग रिकवर हुए और 7 संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 18 हजार 964 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 7000 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 10 हजार 855 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से अब तक 1108 लोग जान गंवा चुके हैं।


4. महाराष्ट्र

मंगलवार को राज्य में 4909 नए मरीज मिले, 6973 लोग रिकवर हुए और 120 संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक 16 लाख 92 हजार 693 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 लाख 16 हजार 593 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 15 लाख 31 हजार 277 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 44 हजार 248 लोग जान गंवा चुके हैं।


5. उत्तरप्रदेश

प्रदेश में मंगलवार को 1726 लोग पॉजिटिव पाए गए। 2210 मरीज रिकवर हुए और 13 की मौत हो गई। मरीजों का आंकड़ा अब 4 लाख 87 हजार 335 हो गया है। इनमें 22 हजार 538 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 57 हजार 708 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना से अब तक 7089 लोगों की जान जा चुकी है।



Next Story