COVID-19

COVID-19: SII के CEO ने दी जानकारी, दिसंबर तक कोवीशील्ड वैक्सीन के 10 करोड़ डोज होजाएंगे तैयार

Nilmani Pal
13 Nov 2020 2:49 PM GMT
COVID-19: SII के CEO ने दी जानकारी, दिसंबर तक कोवीशील्ड वैक्सीन के 10 करोड़ डोज होजाएंगे तैयार
x
देश में कोरोना के इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 3 अक्टूबर से लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। दुनिया में वैक्सीन बनाने वाली सबसे बड़ी दवा कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) दिसंबर तक कोवीशील्ड वैक्सीन के 10 करोड़ डोज तैयार कर लेगी। SII के CEO अदार पूनावाला ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है। हाल ही में उन्होंने कहा था कि इस वैक्सीन के चार करोड़ डोज तैयार कर लिए गए हैं।

ब्रिटेन की कंपनी एस्ट्राजेनिका और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी ने अपनी इस वैक्सीन के प्रोडक्शन और ट्रायल के लिए पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट से करार किया है। पूनावाला ने कहा कि अगर अंतिम फेज के डेटा से पता चलता है कि वैक्सीन वायरस से बचाव में कारगर है तो कंपनी सरकार से वैक्सीन के इस्तेमाल की आपातकालीन मंजूरी ले सकती है।

एक्टिव केस में लगातार 42वें दिन गिरावट

देश में कोरोना के इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 3 अक्टूबर से लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। 17 सितंबर को ये 10.17 लाख की पीक पर थे, जो अब घटकर 4.84 लाख बचे हैं। अब सिर्फ पांच राज्यों महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में ही 55% एक्टिव केस हैं।

देश में बुधवार को 44 हजार 546 केस आए। इनमें से 49 हजार 266 मरीज ठीक हो गए, जबकि 544 की मौत हो गई। अब तक कुल 87.28 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 81.13 लाख ठीक हो गए और 1.28 लाख की मौत हो गई।


कोरोना अपडेट्स

  • हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को कोविड-19 के बढ़ते मामलों के लिए तैयार रहने का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार अस्पतालों में वेंटिलेटर्स, कोविड-19 के बेड और कोविड हेल्थ सेंटर्स की संख्या बढ़ाएं। ऑक्सीमीटर भी ज्यादा से ज्यादा लोगों के बीच बांटे जाएं।
  • दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि अगले 7-10 दिनों में कोविड-19 के मामले कंट्रोल में आ सकते हैं। इसके लिए राज्य सरकार कुछ अहम कदम उठा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से संक्रमण के मामलों में तेजी आई है। मुझे इसकी जानकारी है। हम इसे कंट्रोल करने के लिए हर संभव कदम उठा रहे हैं। उम्मीद है कि अगले 7-10 दिनों में इसे कंट्रोल कर लिया जाएगा।
  • दिल्ली में कोरोना से गुरुवार को 104 लोगों की मौत हो गई। यहां एक दिन में जान गंवाने वाले मरीजों की यह सबसे बड़ी संख्या है। इस दौरान 7 हजार 53 नए केस मिले हैं। अब तक दिल्ली में कुल 4 लाख 67 हजार 28 केस सामने आए हैं। 4 लाख 16 हजार 580 मरीज ठीक हो चुके हैं। मरने वालों की कुल संख्या 7 हजार 332 हो चुकी है। 43 हजार 116 एक्टिव केस हैं।
  • कांग्रेस नेता सचिन पायलट कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने गुरुवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
  • सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) ने गुरुवार को बताया कि ऑक्सफोर्ड और एस्ट्राजेनेका की कोरोना वैक्सीन कोवीशील्ड के चार करोड़ डोज तैयार कर लिए गए हैं। तीसरे और फाइनल फेज ट्रायल के लिए 1600 लोगों का रजिस्ट्रेशन भी हो गया है।
  • कोविड सुरक्षा मिशन के तहत भारतीय वैक्सीन को तैयार करने के लिए वित्त मंत्रालय ने 900 करोड़ रुपए का ऐलान किया है।


एम्स डायरेक्टर गुलेरिया बोले- जिन्हें इंफेक्शन, उन्हें वैक्सीन पहले मिलेगी

इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया का कहना है कि कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बाद हम ऐसी स्थिति में पहुंच जाएंगे, जब हर्ड इम्युनिटी आ जाएगी। तब वैक्सीन की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।

एक इंटरव्यू में उनसे पूछा गया कि अगर वैक्सीन 2021 के आखिर तक या 2022 के शुरू में आती है तो क्या तब तक लोगों में इम्युनिटी नहीं आ जाएगी? लोग इस वायरस के संक्रमण को सर्दी, खांसी-जुकाम जैसी मामूली बीमारी समझने लगें, तो इसका उनकी सेहत पर ज्यादा बुरा असर तो नहीं पड़ता है?

इसके जवाब में रणदीप गुलेरिया ने कहा कि यहां दो पहलू हैं। एक तो यह कि वैक्सीन जल्दी आ जाए। अगर आ गई तो यह सबसे पहले उन लोगों को दी जाएगी, जिन्हें इंफेक्शन का खतरा ज्यादा है। इससे संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी आएगी।

इस दौरान एक समय ऐसा आएगा, जब हम हर्ड इम्युनिटी पा लेंगे और लोग भी महसूस करेंगे कि उनमें इम्युनिटी आ गई है। ऐसी स्थिति में वैक्सीन की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर वायरस में कोई बदलाव नहीं आता है तो वैक्सीन की जरूरत पड़ेगी, क्योंकि दोबारा संक्रमण का खतरा बना रहेगा।


पांच राज्यों का हाल

1. मध्यप्रदेश

राज्य में बुधवार को 883 कोरोना मरीज मिले। 691 लोग रिकवर हुए और 13 संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 79 हजार 951 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8328 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 68 हजार 568 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 3055 मरीजों की मौत हो चुकी है।


2. राजस्थान

बुधवार को राज्य में 2080 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसी के साथ मरीजों का आंकड़ा अब 2 लाख 17 हजार 151 हो गया है। इनमें 16 हजार 993 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 98 हजार 139 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक संक्रमण के चलते 2019 मरीजों की मौत हो चुकी है।


3. बिहार

पिछले 24 घंटे के अंदर 702 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसी के साथ मरीजों का आंकड़ा अब 2 लाख 24 हजार 977 हो गया है। इनमें 6392 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 17 हजार 422 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1162 हो गई है।


4. महाराष्ट्र

राज्य में बुधवार को 4907 नए मरीज मिले। 9164 लोग रिकवर हुए और 125 संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 17 लाख 31 हजार 833 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 88 हजार 70 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 15 लाख 97 हजार 255 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से अब तक 45 हजार 560 लोगों की मौत हो चुकी है।


5. उत्तरप्रदेश

राज्य में बुधवार को संक्रमण के 1848 नए केस आए। 2112 मरीज ठीक हुए और 20 की मौत हो गई। अब तक 5 लाख 3 हजार 159 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 22 हजार 562 मरीजों का इलाज चल रहा है। 4 लाख 73 हजार 316 संक्रमित ठीक हो चुके हैं, जबकि 7281 की मौत हो चुकी है।


Next Story