CG-DPR

कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों का किया निरीक्षण

Shantanu Roy
14 Dec 2023 3:28 PM GMT
कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों का किया निरीक्षण
x

कांकेर। कलेक्टर शुक्ला ने आज जिले के नरहरपुर विकासखंड के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों का दौरा कर धान खरीदी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी केन्द्रों में धान खरीदी व उठाव की जानकारी प्राप्त कर निर्देशित किया कि संग्रहण केन्द्रों में जाम की स्थिति निर्मित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारियों को दो दिवस के भीतर खरीदे गए धान का उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नरहरपुर क्षेत्र के धान खरीदी केन्द्र चवांड़, उमरादाह और चरभट्ठी में धान खरीदी कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र प्रभारी से पंजीकृत किसानों व धान बेचने वाले किसानों की जानकारी ली।

उन्होंने धान खरीदी केन्द्रों में धान बेचने पहुंचे किसानों से चर्चा की और पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की कोई समस्या तो नहीं है। कुछ किसानों ने धान बेचने की लिमिट बढ़ाने की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने आवश्यक कार्यवाही के लिए खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया। इसके अलावा उन्होंने ग्राम चवांड़ के उप स्वास्थ्य केन्द्र का भी जायजा लेकर किया। इस दौरान उन्होंने स्टाफ से आयुष्मान कार्ड, दवाईयों की उपलब्धता एवं स्वास्थ्य परीक्षण सुविधाओं की जानकारी ली। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के बारे में भी पूछा और निर्देश दिए कि खून की कमी या अन्य कारणों से कमजोर महिलाओं पर विशेष ध्यान दें।

इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम श्रीगुहान पहुंचकर बायोगैस संयंत्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने बायो गैस संयंत्र में गोबर से गैस बनने की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली और कहा कि यह ईको फ्रेंडली गैस संयंत्र है और इससे ईंधन के साथ-साथ खाद की भी प्राप्त होती है। कलेक्टर को गांव के पंचायत सचिव ने बताया कि इस संयंत्र से माध्यमिक शाला के किचन में गैस की आपूर्ति की जाती है। इसके उपयोग से शाला में बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन बनाया जाता है। जिला पंचायत सीईओ सुमित अग्रवाल ने बताया कि यह बायो गैस संयंत्र गोबरधन योजना के तहत स्थापित की गई है। केन्द्र सरकार की इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गोबर एवं जैविक अपशिष्ट का प्रबंधन कर उन्हें बायोगैस तथा ऑर्गेनिक खाद में बदलना है, ताकि किसानों और अन्य घरों को लाभ पहुंचाकर उनके जीवन स्तर में सुधार किया जा सके। इस दौरान खाद्य अधिकारी जन्मेजय नायक,नरहरपुर जनपद सीईओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Next Story