Top News

राजनीतिक दलों के प्रत्याशी, निर्वाचन अभिकर्ताओं और संलग्न कर्मचारियों ने जानी व्यवस्था

Nil dhankar
1 Dec 2023 5:26 PM IST
राजनीतिक दलों के प्रत्याशी, निर्वाचन अभिकर्ताओं और संलग्न कर्मचारियों ने जानी व्यवस्था
x

महासमुंद। विधानसभा निर्वाचन 2023 आम चुनाव अन्तर्गत 3 दिसंबर 2023 को होने वाले मतगणना से दो दिन पूर्व संलग्न कर्मचारियों ने विधानसभावार निर्धारित मतगणना कक्ष में अपनी उपस्थिति देकर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से प्राप्त मतों एवं डाक मत पत्रों से प्राप्त परिणामों की गिनती तथा टेबलवार निर्धारित प्रपत्रों को पूर्ण करने तथा सुरक्षा व्यवस्था का पूर्वाभ्यास किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने पूर्वाभ्यास का जायजा लेते हुए उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों और प्रतिनिधियों ने भी मतगणना हाल में जाकर मतगणना प्रक्रिया के रिहर्सल का पूर्वावलोकन किया। मास्टर ट्रेनर तोषण गिरी गोस्वामी ने मतगणना स्थल पर प्रशिक्षण देते हुए संलग्न कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर मलिक के निर्देशन में रिटर्निंग अधिकारियों दुर्गेश वर्मा, उमेश साहू, सृष्टि चंद्राकर, ओंकारेश्वर सिंह ने चारों विधानसभा क्षेत्र हेतु निर्धारित मतगणना कक्ष में मतगणना कार्य से संबंधित दिशा निर्देश दिये। उन्होंने मतगणना टेबल में उपलब्ध सभी प्रपत्रों को पूर्ण करने की जानकारी प्रदान की। उन्होंने सभी प्रपत्रों को सावधानी पूर्वक भरने के निर्देश भी दिए। रिटर्निंग अधिकारियों ने सहायक मतगणना अधिकारी-कर्मचारियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। ईव्हीएम लाने-ले जाने वाले कर्मचारियों को क्रमवार स्ट्रांग रूम से मतगणना कक्ष तक सावधानीपूर्वक जाने के निर्देश दिए गए। मौके पर संलग्न पुलिस कर्मचारियों, अधिकारियों को मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी करने के निर्देश दिए। मतगणना हाल में मोबाइल, स्मार्ट वॉच, आईपेड, लैपटॉप, कैमरा सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा जैसे सामग्री ले जाने पर प्रतिबंध होगी।

Next Story