
टेक्नोलॉजी डेस्क : भारत में वॉट्सऐप और टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग एप्स इस्तेमाल करने का तरीका नए साल से बदल सकता है। दूरसंचार विभाग ने संबंधित प्लेटफॉर्मों के लिए सिम बाइंडिंग की व्यवस्था लागू करने की समयसीमा 31 दिसंबर, 2026 तय की है। इसके बाद 1 जनवरी, 2027 से सेवाओं का संचालन नई व्यवस्था के अनुरूप होना है। इसका मुख्य उद्देश्य मैसेजिंग अकाउंट को उसी सक्रिय मोबाइल सिम से जोड़कर रखना है, जिसके नंबर पर अकाउंट बनाया गया है।
इस बदलाव का असर खासकर उन लोगों पर पड़ सकता है, जो किसी नंबर से अकाउंट बनाने के बाद उसका सिम दूसरे फोन में रखते हैं और पुराने डिवाइस पर वाई-फाई के जरिए मैसेजिंग एप चलाते रहते हैं। हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि निर्धारित तारीख आते ही सभी यूजर्स के अकाउंट बंद हो जाएंगे। वास्तविक बदलाव संबंधित कंपनियों की तकनीकी व्यवस्था और सत्यापन प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।





