
New Delhi नई दिल्ली; वर्तमान वैश्विक व्यापार हालातों के चलते चीन के आपूर्तिकर्ता अब अमेरिकी ऑर्डर भारतीय निर्यातकों तक पहुँचा रहे हैं। इन ऑर्डर्स के बदले वे कमीशन ले रहे हैं। चीन से अमेरिका को निर्यात पर 245 प्रतिशत तक का टैरिफ लागू है, जिससे चीनी कंपनियों के लिए अमेरिकी बाज़ार में कारोबार कठिन हो गया है।
ऐसे में, कई चीनी आपूर्तिकर्ता अपने अमेरिकी ग्राहकों को बनाए रखने के लिए भारतीय कंपनियों के माध्यम से ऑर्डर पूरा करवा रहे हैं। भारतीय कंपनियों को यह ऑर्डर मुख्य रूप से इंजीनियरिंग सामान, वस्त्र, चमड़े और जूते-चप्पल जैसे क्षेत्रों में मिल रहे हैं।
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (FIEO) के महानिदेशक अजय सहाई के अनुसार, ये व्यवस्था तब तक जारी रहेगी जब तक अंतरराष्ट्रीय व्यापार स्थिति स्पष्ट नहीं होती। भारत के लिए यह स्थिति फायदेमंद है क्योंकि यहां का औसत टैरिफ सिर्फ़ 10 प्रतिशत है और अमेरिका का रुख भारत के प्रति अपेक्षाकृत सहज है।





