- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Boeing 787 को लेकर...
दिल्ली-एनसीआर
Boeing 787 को लेकर अमेरिकी संगठन ने उठाए गंभीर सवाल AAIB से मांगा स्पष्टीकरण
nidhi
16 Sept 2026 11:02 AM IST

x
अहमदाबाद विमान हादसे की जांच
नई दिल्ली: अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 हादसे की जांच को लेकर अमेरिका स्थित विमानन सुरक्षा संगठन Foundation for Aviation Safety (FAS) ने भारत के Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) से सवाल किए हैं। संगठन ने पूछा है कि दुर्घटनाग्रस्त Boeing 787-8 से जुड़े कथित तकनीकी रिकॉर्ड मिलने के बावजूद पूरे Boeing 787 फ्लीट के लिए अंतरिम सुरक्षा सिफारिशें क्यों जारी नहीं की गईं।
यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि सवाल अमेरिकी सरकार ने नहीं, बल्कि अमेरिका स्थित स्वतंत्र विमानन सुरक्षा संगठन FAS ने उठाया है। FAS के कार्यकारी निदेशक एड पियर्सन ने 29 अगस्त को AAIB के महानिदेशक को ईमेल भेजकर इस मुद्दे पर जवाब मांगा था।
100 से ज्यादा दस्तावेज मिलने का दावा
FAS का कहना है कि पिछले एक साल के दौरान उसे दुर्घटनाग्रस्त विमान VT-ANB से जुड़े 100 से ज्यादा गैर-सार्वजनिक दस्तावेज मिले। संगठन के मुताबिक इन दस्तावेजों को ब्रिटेन के AAIB विशेषज्ञ के माध्यम से भारतीय AAIB तक पहुंचाया गया था। FAS का दावा है कि रिकॉर्ड में विमान के इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक और फ्लाइट कंप्यूटर सिस्टम से जुड़ी बार-बार आने वाली खराबियों का विवरण मौजूद है। संगठन ने खास तौर पर Electrical Wiring Interconnection System (EWIS) से संबंधित कथित खराबियों पर सवाल उठाए हैं। EWIS विमान के अंदर बिजली, डेटा और दूसरे सिग्नल पहुंचाने वाले तारों, केबल और कनेक्टर का नेटवर्क होता है। हालांकि FAS द्वारा उठाए गए इन तकनीकी मुद्दों को दुर्घटना का कारण मान लेना अभी जल्दबाजी होगी, क्योंकि आधिकारिक जांच जारी है।
AAIB ने दस्तावेज मिलने की पुष्टि की
रिपोर्ट के अनुसार भारतीय AAIB ने 26 अगस्त को दिए जवाब में दस्तावेज प्राप्त होने की पुष्टि की थी और कहा था कि जांच टीम ने उनका परीक्षण किया है। AAIB ने यह भी कहा कि जांच लागू नियमों के तहत निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। ताजा सवालों पर AAIB ने कहा है कि एक साझा अपडेट या रिपोर्ट प्रकाशित की जाएगी।
AAIB ने जून 2026 में हादसे की जांच पर जारी आधिकारिक अपडेट में बताया था कि तकनीकी, परिचालन, संगठनात्मक और मानवीय पहलुओं की व्यापक जांच की जा रही है। जांच ICAO Annex 13 और भारतीय विमान दुर्घटना जांच नियमों के अनुसार चल रही है।
260 लोगों की गई थी जान
12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में विमान में सवार 241 लोगों और जमीन पर मौजूद 19 लोगों समेत कुल 260 लोगों की मौत हुई थी। एक यात्री जीवित बचा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि उड़ान के कुछ ही सेकंड बाद दोनों इंजनों के फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘RUN’ से ‘CUTOFF’ स्थिति में चले गए थे। इसके बाद उन्हें दोबारा ‘RUN’ में किया गया और इंजन रिलाइट की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन विमान को बचाया नहीं जा सका।
फिलहाल FAS के दावे और Boeing 787 की कथित तकनीकी खराबियों का दुर्घटना से कोई सीधा संबंध आधिकारिक रूप से स्थापित नहीं हुआ है। हादसे के वास्तविक कारण पर निष्कर्ष AAIB की जांच पूरी होने के बाद ही निकाला जा सकेगा।
Next Story





