व्यापार
उबर ने जोमैटो के पूर्व एग्जीक्यूटिव राकेश रंजन को भारत और दक्षिण एशिया का प्रमुख किया नियुक्त
jantaserishta.com
26 Nov 2026 11:33 AM IST

x
नई दिल्ली: राइड-हेलिंग सर्विसेज प्रोवाइडर उबर ने गुरुवार को राकेश रंजन को उबर इंडिया और दक्षिण एशिया का अध्यक्ष नियुक्त करने का ऐलान किया है। उनकी नियुक्ति 4 जनवरी, 2027 से प्रभावी होगी।
रंजन एलन ऑनलाइन से उबर में शामिल हो रहे हैं, जहां वह सीईओ के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले उन्होंने जोमैटो में आठ साल बिताए हैं। वह 2017 में कंपनी से जुड़े थे और बाद में उसके फूड ऑर्डरिंग एवं डिलीवरी कारोबार के सीईओ बने। इससे पहले उन्होंने जोमैटो गोल्ड और सेल्स से जुड़ी नेतृत्वकारी भूमिकाएं भी निभाईं। वह उबर के एशिया प्रशांत क्षेत्र के रीजनल जनरल मैनेजर डोम टेलर को रिपोर्ट करेंगे।
अपनी नई नियुक्ति पर रंजन ने कहा, "उबर ने ऐसा कारोबार खड़ा किया है, जो भारत और दक्षिण एशिया में लोगों के आने-जाने और कमाई करने के तरीके के लिए महत्वपूर्ण है। हमारे सामने अवसर काफी बड़ा है और इसकी शुरुआत रोजमर्रा के अनुभव से होती है।"
उन्होंने कहा कि वह प्रतिभाशाली टीम का हिस्सा बनने और कंपनी की मजबूत नींव को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं। इस नियुक्ति की घोषणा करते हुए टेलर ने कहा कि इस पद के लिए तलाश तीन महीने से अधिक समय तक चली।
उन्होंने कहा, "तीन महीने से अधिक समय तक चली तलाश के बाद राकेश का उबर में स्वागत करते हुए हमें खुशी हो रही है। हमने इस भूमिका के लिए काफी ऊंचे मानदंड तय किए थे। भारत में बड़े उपभोक्ता कारोबार को चलाने का उनका अनुभव और भविष्य के लिए उनकी महत्वाकांक्षा उन्हें इस भूमिका के लिए खास बनाती है।"
टेलर ने आगे कहा, "उबर के भविष्य के लिए भारत और दक्षिण एशिया बेहद महत्वपूर्ण हैं। राकेश ऐसे कारोबार से जुड़ रहे हैं, जिसका आकार काफी बड़ा है और जिसकी मजबूती लंबे समय से बनी हुई है। इस क्षेत्र में हमारे कारोबार की अगली विकास यात्रा और नवाचार का नेतृत्व करने के लिए वह अपने साथ मूल्यवान अनुभव लेकर आ रहे हैं।"
अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत यात्राओं की संख्या के लिहाज से उबर का तीसरा सबसे बड़ा बाजार है। वहीं, वैश्विक स्तर पर कमाई करने वाले लोगों की संख्या के लिहाज से भारत उसका दूसरा सबसे बड़ा बाजार है।
कंपनी भारत के 200 से अधिक शहरों में परिचालन करती है। इसके प्लेटफॉर्म के जरिए 20 लाख से अधिक मासिक सक्रिय ड्राइवर कमाई कर रहे हैं। भारत में बेंगलुरु और हैदराबाद में उबर के अमेरिका के बाहर स्थित सबसे बड़े प्रौद्योगिकी केंद्र भी हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





