व्यापार

Noel Tata's के फैसले से ट्रेंट के शेयर सुर्खियों में

Ratna Netam
24 Jun 2026 3:23 PM IST
Noel Tatas  के फैसले से ट्रेंट के शेयर सुर्खियों में
x
बाजार में हलचल

Business बिजनेस : शेयर बाजार में बुधवार को तेजी के माहौल के बीच टाटा समूह की रिटेल कंपनी Trent Limited के शेयरों में भी जोरदार खरीदारी देखने को मिली। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन ट्रेंट के शेयर 5 प्रतिशत से अधिक उछलकर 3,309 रुपये के स्तर तक पहुंच गए, जबकि पिछली क्लोजिंग 3,141.70 रुपये थी। बाजार में यह तेजी ऐसे समय में आई जब कंपनी के चेयरमैन नोएल टाटा ने अपने पद से रिटायरमेंट का ऐलान कर निवेशकों को चौंका दिया।

नोएल टाटा ने ट्रेंट की 47वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में कहा कि यह चेयरमैन के रूप में उनकी आखिरी AGM होगी। उनके इस बयान के बाद कंपनी के भविष्य और नेतृत्व को लेकर बाजार में चर्चा तेज हो गई है। नोएल टाटा दिवंगत रतन टाटा के सौतेले भाई हैं और उन्होंने ट्रेंट को रिटेल सेक्टर में एक मजबूत ब्रांड बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

नोएल टाटा का ट्रेंट के साथ लंबा जुड़ाव रहा है। साल 1998 में उन्होंने लैक्मे के विनिवेश के बाद शुरू हुए रिटेल बिजनेस में डायरेक्टर के रूप में काम शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने यूके की कंपनी ‘लिटिलवुड्स इंटरनेशनल’ की भारतीय इकाई के अधिग्रहण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे बाद में ‘वेस्टसाइड’ ब्रांड के रूप में रीब्रांड किया गया।

जून 1999 में नोएल टाटा को ट्रेंट का पहला मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया गया। इस भूमिका में उन्होंने कंपनी को एक छोटे स्तर के रिटेल प्रयोग से बदलकर एक राष्ट्रीय स्तर की लाभदायक रिटेल चेन में तब्दील किया। उन्होंने 11 वर्षों से अधिक समय तक एमडी के रूप में कार्य किया और कंपनी के विस्तार की नींव मजबूत की।

बाद में अगस्त 2010 में वे टाटा इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर बने, लेकिन रिटेल व्यवसाय से नॉन-एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन के रूप में जुड़े रहे। 31 मार्च 2014 को उन्होंने ट्रेंट के चेयरमैन का पद संभाला और कंपनी के विकास को नई दिशा दी।

कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो मार्च तिमाही में ट्रेंट लिमिटेड का मुनाफा सालाना आधार पर 32.57 प्रतिशत बढ़कर 413.1 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी अवधि में यह मुनाफा 311.6 करोड़ रुपये था। इसी दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व 19.23 प्रतिशत बढ़कर 5,027.99 करोड़ रुपये पहुंच गया। हालांकि, कंपनी का कुल खर्च भी बढ़कर 4,520.95 करोड़ रुपये हो गया।

वेस्टसाइड, जूडियो और स्टार जैसे ब्रांड्स के जरिए रिटेल सेक्टर में मजबूत पकड़ रखने वाली ट्रेंट लिमिटेड लगातार विस्तार कर रही है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि नेतृत्व परिवर्तन की खबरों के बीच निवेशकों की दिलचस्पी और कंपनी के मजबूत नतीजों ने शेयरों में तेजी को समर्थन दिया है।

फिलहाल बाजार की नजर ट्रेंट के अगले रणनीतिक कदम और नए नेतृत्व पर टिकी हुई है, जो कंपनी के भविष्य की दिशा तय कर सकता है।

Next Story