
Vyapaar:देश के करोड़ों किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) की 23वीं किस्त 20 जून को जारी होने जा रही है। इस योजना के तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। सरकार की इस घोषणा से किसानों में खुशी है, लेकिन साथ ही एक जरूरी चेतावनी भी सामने आई है कि छोटी-सी गलती के कारण भुगतान अटक सकता है।
किन किसानों की किस्त रुक सकती है
सरकारी नियमों के अनुसार, यदि लाभार्थी की प्रोफाइल में कुछ खामियां पाई जाती हैं तो उसकी किस्त रोकी जा सकती है। सबसे पहली और जरूरी शर्त e-KYC पूरी होना है। जिन किसानों ने अब तक e-KYC नहीं कराया है, उन्हें इस बार किस्त नहीं मिलेगी।
दूसरी बड़ी समस्या आधार और बैंक खाते की लिंकिंग है। अगर बैंक खाते से आधार नंबर NPCI के माध्यम से सीड नहीं है, तो DBT के जरिए पैसा ट्रांसफर नहीं हो पाएगा।
तीसरी गलती जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी या लैंड सीडिंग अधूरी होना है। पीएम किसान योजना केवल वास्तविक जमीन मालिकों को ही लाभ देती है, इसलिए खसरा-खतौनी का सही होना जरूरी है।
चौथी समस्या आवेदन फॉर्म में गलत जानकारी देना है, जैसे नाम की स्पेलिंग, बैंक अकाउंट नंबर या IFSC कोड में गलती। आधार कार्ड और बैंक पासबुक में नाम एक जैसा होना जरूरी है।
पांचवीं वजह पात्रता नियमों का उल्लंघन है। यदि परिवार का कोई सदस्य इनकम टैक्स भरता है या जमीन से जुड़े नियम पूरे नहीं हैं, तो लाभ बंद हो सकता है।
किस्त पाने के लिए जरूरी उपाय
अगर किसान चाहते हैं कि उनकी किस्त बिना रुकावट मिले, तो उन्हें तुरंत अपना स्टेटस चेक करना चाहिए। पीएम किसान पोर्टल पर ‘Know Your Status’ विकल्प से e-KYC, आधार लिंकिंग और लैंड सीडिंग की स्थिति देखी जा सकती है। e-KYC अधूरी होने पर इसे मोबाइल OTP के जरिए पोर्टल या किसान ई-मित्र चैटबॉट से पूरा किया जा सकता है। आधार लिंकिंग के लिए बैंक शाखा में जाकर NPCI मैपिंग कराना जरूरी है।जिन किसानों की लैंड सीडिंग में समस्या है, उन्हें नजदीकी कृषि विभाग या ब्लॉक कार्यालय में जाकर दस्तावेज जमा कराने होंगे। समय रहते ये सुधार करने से 20 जून की किस्त आसानी से मिल सकती है।





