व्यापार
माइक्रोसॉफ्ट के साथ केंद्र की बड़ी पहल, अब एनसीएस प्लेटफॉर्म से जुड़ेंगी 15000 से ज्यादा कंपनियां
jantaserishta.com
10 Dec 2025 3:25 PM IST

x
नई दिल्ली: ग्लोबल सॉफ्टवेयर दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट ने भारत सरकार के साथ मिलकर एक बड़ी पहल की है। माइक्रोसॉफ्ट ने बुधवार को बताया कि वह श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के साथ मिलकर सरकारी रोजगार प्लेटफॉर्म्स पर एआई-संचालित चैटबॉट्स शुरू करेगा, जो कामगारों को जरूरी जानकारी प्रदान करेगा और प्रक्रियाओं को आसानी बनाएगा।
इसके साथ ही सॉफ्टवेयर दिग्गज अपनी 15,000 से ज्यादा कंपनियों और पार्टनर्स को भारत के नेशनल करियर सर्विस (एनसीएस) प्लेटफॉर्म से जोड़ने में भी मदद करेगा। इससे देश के लोगों को ज्यादा नौकरी के अवसर मिल सकेंगे।
यह सहयोग रोजगार के अवसरों को बढ़ाने, एआई आधारित स्किलिंग को तेज करने और भारत की वर्कफोर्स को वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे औपचारिक नौकरियों तक पहुंच बढ़ेगी, उभरते क्षेत्रों को प्रतिभा मिलेगी, और भारत घरेलू ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय मांग के लिए भी एक मजबूत, कुशल वर्कफोर्स तैयार कर सकेगा। इससे भारतीय युवाओं और पेशेवरों के वैश्विक गतिशीलता के मार्ग भी मजबूत होंगे।
ई-श्रम पोर्टल, जिसे अगस्त 2021 में कोविड लॉकडाउन के बाद करोड़ों असंगठित कामगारों के लिए शुरू किया गया था, माइक्रोसॉफ्ट एज्योर पर आधारित है। कंपनी के अनुसार यह सिस्टम प्रति सेकंड 1,72,000 ट्रांजैक्शन संभाल सकता है और एक दिन में 80 लाख तक रजिस्ट्रेशन कर चुका है। एआई चैटबॉट्स के जुड़ने से सरकार और माइक्रोसॉफ्ट दोनों का मानना है कि कामगारों को लाभकारी योजनाओं की जानकारी पाना, अपनी स्किल बेहतर करना और उपयुक्त नौकरी तक पहुंचना पहले से कहीं आसान होगा।
एमओयू के तहत डिजीसक्षम के माध्यम से एआई-आधारित स्किलिंग पहल को भी और बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे लाखों युवाओं को एआई, क्लाउड टेक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा और प्रोडक्टिविटी टूल्स जैसी भविष्य की तकनीकों में प्रशिक्षण मिलेगा। इससे भारतीय वर्कफोर्स को वैश्विक मानकों और उद्योग की नई जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में मदद मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इस साझेदारी का स्वागत किया और कहा कि यह भारत की जनसांख्यिकीय लाभांश का लाभ उठाते हुए एक डिजिटल रूप से कुशल और भविष्य-तैयार वर्कफोर्स बनाने की साझा आकांक्षा को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि माइक्रोसॉफ्ट की भागीदारी नौकरी के अवसरों को तेज करेगी, स्किलिंग को बेहतर बनाएगी और वैश्विक श्रम गतिशीलता में भारत की नेतृत्व क्षमता को मजबूत करेगी।
डॉ. मांडविया ने आगे बताया, “भारत ने सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है—जहां वर्ष 2015 में कवरेज 19 प्रतिशत थी, वहीं 2025 में यह बढ़कर 64.3 प्रतिशत हो गई, जिससे 94 करोड़ नागरिकों को लाभ मिला है। ई-श्रम और एनसीएस जैसे प्लेटफॉर्म्स में एआई के उपयोग से हम सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत कर रहे हैं और मार्च 2026 तक 100 करोड़ नागरिकों को कवर करने के अपने लक्ष्य के करीब पहुंच रहे हैं।”
माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने भी भारत में सामाजिक सुरक्षा कवरेज के व्यापक विस्तार की सराहना की और कहा कि भारत ने 64.3 प्रतिशत कवरेज के साथ 94 करोड़ लोगों को लाभान्वित किया है। उन्होंने खासकर ई-श्रम पहल की प्रशंसा की, जिसने लाखों असंगठित कामगारों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया है और वास्तविक समय के डेटा के आधार पर कामगार-केंद्रित नीतियां बनाने की भारत की क्षमता को मजबूत किया है।
Tagsमाइक्रोसॉफ्ट के साथ केंद्र की बड़ी पहलमाइक्रोसॉफ्टकेंद्र सरकारCentre's big initiative with MicrosoftMicrosoftCentral Government
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





