चाय और कॉफी हुई महंगी, कंपनी ने की इतने रूपए की बढ़ोतरी

हिंदुस्तान यूनिलीवर (Hindustan Unilever) ने अपने कई प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ा दिए हैं. सीएनबीसी टीवी18 की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने ब्रू कॉफी पाउडर (Bru coffee) के दाम में 3-7 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है.
ब्रू गोल्ड कॉफी जार की कीमत में 3-4 फीसदी तक की तेजी आई है. ब्रू इंस्टैंट कॉफी पाउच की कीमत में 3-6.6 फीसदी की तेजी आई है. ताजमहल चाय की कीमत में 3.7-5.8 फीसदी तक की तेजी आई है. ब्रूक बॉन्ड 3 की कीमत में 1.5 फीसदी से 14 फीसदी तक की तेजी आई है. कीमत में बढ़ोतरी को लेकर कंपनी की तरफ से कहा गया कि महंगाई का दबाव बढ़ रहा है. इसके बावजूद कंपनी ने कंज्यूमर्स को ध्यान में रखते हुए कीमत में बढ़ोतरी की है.
फरवरी महीने में हिंदुस्तान यूनिलीवर ने दो बार कीमत में बढ़ोतरी की थी. डिटर्जेंट पाउंडर और साबुन के दाम फरवरी में दो बार बढ़ी थी और इसकी कीमत में 9 फीसदी तक का उछाल आया था. HUL ने फरवरी में लाइफबॉय, लक्स और पीयर्स साबुन के अलावा सर्फ एक्सेल मैटिक, कम्फर्ट फैब्रिक कंडीशनर, डव बॉडी वॉश जैसे ब्रांडों की स्टॉक कीपिंग यूनिट्स की कीमतों में और बढ़ोतरी की थी. ब्रोकरेज एडलवाइस सिक्यॉरिटीज ने कहा था एचयूएल के होम और पर्सनल केयर कैटिगरी के दाम में 1-9 फीसदी तक की बढ़ोतरी की गई थी.
कंपनियां आमतौर पर कीमतों में बढ़ोतरी को अपने पूरे पोर्टफोलियो में एकमुश्त कीमतों में बढ़ोतरी के बजाय धीरे-धीरे बढ़ाती हैं. एचयूएल सौंदर्य और पर्सनल केयर, फूड और रिफ्रेशमेंट और हाउसहोल्ड केयर सहित कई श्रेणियों में उत्पाद बेचता है. दिसंबर तिमाही में कंपनी ने 2 फीसदी की अंडरलाइंग वैल्यूम ग्रोथ दर्ज की, बिक्री साल-दर-साल 10.4 फीसदी बढ़ी. प्रमुख वस्तुओं में लगातार मुद्रास्फीति कंपनियों को दाम में बढ़ोतरी के लिए प्रेरित कर रही है. यूक्रेन-रूस संघर्ष (Russia Ukraine Crisis) के बीच कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ विश्लेषकों का मानना है कि मुद्रास्फीति का दबाव यहां भी है. कीमतों में बढ़ोतरी से कंपनी को बढ़ती मुद्रास्फीति पर काबू पाने में मदद मिलेगी.





