व्यापार
टीसीएस का चौथी तिमाही में शानदार प्रदर्शन, मुनाफा 12 प्रतिशत बढ़ा; 31 रुपए डिविडेंड की घोषणा
jantaserishta.com
9 April 2026 5:29 PM IST

x
मुंबई: देश की दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2026 के चौथी तिमाही यानी जनवरी-मार्च तिमाही के नतीजों की घोषणा की। इस दौरान कंपनी ने बताया कि उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 12 प्रतिशत बढ़ा है।
एक्सचेंज फाइलिंग में दिग्गज आईटी कंपनी ने बताया कि उसने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में 13,718 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) दर्ज किया, जो पिछले साल (वित्त वर्ष 2025) की इसी तिमाही में 12,224 करोड़ रुपए था।
आईटी कंपनी ने इस तिमाही में ऑपरेशन्स से कुल आय (रेवेन्यू) में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की है, जो सालाना आधार पर 9.6 प्रतिशत बढ़कर 70,698 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 64,479 करोड़ रुपए था।
तिमाही दर तिमाही आधार पर कंपनी का प्रदर्शन और भी मजबूत रहा। इस दौरान मुनाफा 28.7 प्रतिशत बढ़ा, जबकि रेवेन्यू में 5.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। कंपनी के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर के कृतिवासन ने नतीजों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कंपनी ने लगातार तीसरी तिमाही में ग्रोथ दर्ज की है।
उन्होंने बताया कि कंपनी की ग्रोथ प्रमुख बाजारों और ज्यादातर इंडस्ट्री सेगमेंट्स में संतुलित रूप से बनी हुई है। उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद ग्राहकों का टेक्नोलॉजी निवेश पर भरोसा बना हुआ है, जिससे भविष्य में कंपनी को अच्छे मौके मिलेंगे।
कृतिवासन ने कहा, "भले ही मैक्रोइकॉनॉमिक चुनौतियां बनी हुई हैं, लेकिन ग्राहकों का टेक्नोलॉजी में निवेश जारी है, जो हमारे लिए आगे के अवसरों को मजबूत बनाता है।" इसके साथ ही कंपनी ने अपने निवेशकों को तगड़े डिविडेंड का तोहफा भी दिया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 31 रुपए प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है, जिसे आगामी बोर्ड बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद दिया जाएगा।
टीसीएस ने बताया कि पूरे वित्त वर्ष में कंपनी ने डिविडेंड के रूप में कुल 39,571 करोड़ रुपए का भुगतान किया है। चौथी तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 53,093 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल इसी अवधि में 49,105 करोड़ रुपए था। हालांकि तिमाही आधार पर खर्च 50,736 करोड़ रुपए रहा।
कंपनी की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, प्रेसिडेंट और सीओओ आरती सुब्रमण्यम ने कहा कि वित्त वर्ष 2026 एंटरप्राइज एआई अपनाने के लिहाज से एक अहम साल रहा है। उन्होंने बताया कि चौथी तिमाही में कंपनी की सालाना एआई से होने वाली आय 2.3 अरब डॉलर से ज्यादा हो गई, जो एआई सॉल्यूशंस की तेजी से बढ़ती मांग के कारण संभव हुआ।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





