
x
Tata Motors ने Iveco के लिए रखा टेकओवर ऑफर
बिजनेस डेस्क: भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स ने इटली की दिग्गज कमर्शियल व्हीकल निर्माता Iveco Group के अधिग्रहण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। टाटा मोटर्स की कमर्शियल व्हीकल इकाई ने Iveco के सभी जारी कॉमन शेयरों के लिए €14.1 प्रति शेयर नकद का स्वैच्छिक टेंडर ऑफर औपचारिक रूप से शुरू कर दिया है। इस ऑफर के आधार पर Iveco की वैल्यू करीब €3.82 अरब आंकी गई है।
€14.1 प्रति शेयर मिलेगा कैश
यह ऑफर टाटा मोटर्स की इकाई TML CV Holdings B.V. के जरिए दिया गया है। इसके तहत Iveco Group के शेयरधारकों को प्रत्येक कॉमन शेयर के बदले €14.1 नकद देने का प्रस्ताव है। यह 'cum dividend' ऑफर है। टाटा और Iveco के बीच मूल अधिग्रहण समझौते की घोषणा जुलाई 2025 में हुई थी। उस समय सौदे की इक्विटी वैल्यू करीब €3.8 अरब बताई गई थी। अब जरूरी नियामकीय मंजूरियों के बाद टेंडर ऑफर औपचारिक चरण में पहुंच गया है।
डिफेंस बिजनेस सौदे से बाहर
इस अधिग्रहण की महत्वपूर्ण शर्त यह है कि Iveco का डिफेंस बिजनेस इस सौदे का हिस्सा नहीं है। मूल समझौते में Iveco के रक्षा कारोबार को अलग करने के बाद बाकी कंपनी के अधिग्रहण की योजना बनाई गई थी। Iveco के डिफेंस कारोबार को अलग करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद टाटा मुख्य रूप से उसके ट्रक, बस, पावरट्रेन और दूसरे कमर्शियल मोबिलिटी कारोबार पर नियंत्रण हासिल करेगा।
26 अक्टूबर तक स्वीकार किया जा सकता है ऑफर
मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार शेयरधारकों के लिए टेंडर ऑफर की स्वीकार्यता अवधि 26 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। यानी Iveco के पात्र शेयरधारक इस अवधि में अपने शेयर ऑफर में टेंडर कर सकते हैं। Iveco Group के बोर्ड ने सौदे का समर्थन किया है। कंपनी के सबसे बड़े शेयरधारकों में शामिल Exor ने भी अपनी हिस्सेदारी टेंडर करने की प्रतिबद्धता जताई है। मूल सौदे की घोषणा के समय Exor के पास Iveco के करीब 27 प्रतिशत शेयर थे।
बनेगा कमर्शियल व्हीकल का बड़ा ग्लोबल खिलाड़ी
टाटा मोटर्स के लिए Iveco का अधिग्रहण खास तौर पर यूरोपीय बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने का मौका है। दोनों कंपनियों को मिलाने पर एक ऐसा कमर्शियल व्हीकल समूह बनने की योजना है जिसकी सालाना बिक्री 5.4 लाख से ज्यादा वाहनों और संयुक्त राजस्व करीब €22 अरब तक पहुंच सकता है। दोनों कंपनियों की भौगोलिक मौजूदगी भी काफी हद तक एक-दूसरे की पूरक है। टाटा की भारत में मजबूत स्थिति है, जबकि Iveco की यूरोपीय कमर्शियल व्हीकल बाजार में बड़ी मौजूदगी है।
फाइनेंसिंग की भी तैयारी
टाटा मोटर्स ने अधिग्रहण के लिए फंडिंग व्यवस्था पर भी काम किया है। कंपनी ने Morgan Stanley और MUFG Bank सहित वित्तीय संस्थानों के साथ ब्रिज फाइनेंसिंग की व्यवस्था की है। मूल सौदे के लिए करीब €3.8 अरब की फंडिंग प्रतिबद्धता हासिल की गई थी। अगर टेंडर ऑफर सफलतापूर्वक पूरा होता है तो यह टाटा मोटर्स के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अधिग्रहणों में शामिल होगा और कंपनी को यूरोप के कमर्शियल व्हीकल बाजार में सीधे एक मजबूत स्थान दिलाएगा।
Next Story





