
World वर्ल्ड: अप्रैल में दक्षिण कोरिया की फैक्ट्री गतिविधियों में 31 महीनों की सबसे तेज गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए भारी टैरिफ के कारण मांग में जबरदस्त कमी आई है। S&P Global के ताज़ा सर्वे के अनुसार, मैन्युफैक्चरिंग PMI अप्रैल में घटकर 47.5 पर आ गया, जो मार्च में 49.1 था। यह लगातार तीसरा महीना है जब यह सूचकांक 50 के नीचे रहा, जो मंदी का संकेत है।
नए ऑर्डर और उत्पादन में जून 2023 के बाद सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जबकि निर्यात ऑर्डर में भी 22 महीनों की सबसे तेज गिरावट देखी गई। रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू राजनीतिक अनिश्चितता और अमेरिकी टैरिफ ने बाजार को बुरी तरह प्रभावित किया है।
हालांकि, सेमीकंडक्टर की मांग से दक्षिण कोरिया के व्यापार आंकड़े बेहतर दिखे, लेकिन ऑटोमोबाइल सेक्टर पर टैरिफ का असर साफ नजर आया। आने वाले महीनों में अमेरिकी टैरिफ हटाने को लेकर सियोल और वॉशिंगटन के बीच समझौते की बातचीत जारी है।





