व्यापार

सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, ₹28,000 तक सस्ता हुआ

Dolly
13 Jun 2026 3:15 PM IST
सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, ₹28,000 तक सस्ता हुआ
x

Vyapaar:सर्राफा बाजार से इस हफ्ते सोना और चांदी के दामों में बड़ी गिरावट की खबर सामने आई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, इस सप्ताह सोने की कीमत में ₹6,438 और चांदी में ₹14,326 प्रति किलो की साप्ताहिक गिरावट दर्ज की गई है। लगातार गिरावट के चलते कीमती धातुओं के दामों में तेज नरमी देखी जा रही है, जिससे खरीदारों को राहत मिली है।

IBJA के आंकड़ों के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना अब लगभग ₹1.48 लाख के स्तर पर पहुंच गया है, जबकि पिछले सप्ताह यह करीब ₹1.54 लाख पर था। वहीं चांदी का भाव भी गिरकर ₹2.43 लाख प्रति किलो पर आ गया है, जो पहले ₹2.57 लाख प्रति किलो के आसपास था। यानी एक सप्ताह में चांदी में भी करीब ₹14 हजार से अधिक की गिरावट दर्ज हुई है।

देश के अलग-अलग शहरों में भी सोने की कीमतों में मामूली अंतर देखा गया है। जयपुर, दिल्ली और लखनऊ में 10 ग्राम सोना लगभग ₹1,49,230 पर बिक रहा है। पटना, अहमदाबाद और भोपाल में यह ₹1,49,130 के आसपास है, जबकि मुंबई, रायपुर और कोलकाता में इसका रेट करीब ₹1,49,080 है।

शुद्धता के आधार पर देखें तो 24 कैरेट सोना ₹1,47,800 प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट ₹1,35,384, 18 कैरेट ₹1,10,850 और 14 कैरेट ₹86,463 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह गिरावट बाजार में आए तेज उतार-चढ़ाव का नतीजा है।

इस साल की शुरुआत से अब तक सोने और चांदी की कीमतों में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। 29 जनवरी 2026 को सोना अपने ऑल-टाइम हाई ₹1,76,121 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। तब से अब तक इसमें करीब ₹28,000 की गिरावट आ चुकी है। इसी तरह चांदी भी अपने रिकॉर्ड स्तर ₹3,85,933 प्रति किलो से काफी नीचे आ चुकी है और इसमें भारी गिरावट दर्ज हुई है।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, कीमतों में गिरावट के पीछे दो मुख्य कारण बताए जा रहे हैं। पहला कारण है मिडल ईस्ट तनाव के बीच निवेशकों का कैश की ओर झुकाव। अस्थिर माहौल में निवेशक सोना-चांदी बेचकर नकदी अपने पास रखना पसंद कर रहे हैं। दूसरा कारण है बड़े निवेशकों द्वारा प्रॉफिट बुकिंग, जिसमें उन्होंने ऊंचे दामों पर खरीदारी करके अब मुनाफा वसूली शुरू कर दी है। इससे बाजार में सप्लाई बढ़ी और कीमतों पर दबाव पड़ा है।

फिलहाल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है और निवेशक आने वाले दिनों के रुझान पर नजर बनाए हुए हैं।

Next Story