व्यापार

सेंसेक्स 109.94 अंक गिरकर 54,208.53 पर बंद हुआ

jantaserishta.com
18 May 2022 5:05 PM IST
सेंसेक्स 109.94 अंक गिरकर 54,208.53 पर बंद हुआ
x

मुंबई: वैश्विक बाजारों के मिले-जुले रुख के बीच उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बुधवार को शेयर बाजारों ने शुरुआती लाभ गंवा दिया और सेंसेक्स 109.94 अंक टूटकर बंद हुआ। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 109.94 अंक यानी 0.20 प्रतिशत गिरकर 54,208.53 अंक पर आ गया। दिन में कारोबार के दौरान यह एक समय 54,786 अंक के उच्चस्तर तक गया और 54,130.89 अंक के निचले स्तर तक भी आया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 19 अंक यानी 0.12 प्रतिशत के नुकसान से 16,240.30 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में पावरग्रिड, टेक महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फिनसर्व, विप्रो, एनटीपीसी और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयरों में गिरावट रही। वहीं दूसरी ओर अल्ट्राटेक सीमेंट, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, सन फार्मा, आईटीसी और एक्सिस बैंक के शेयर लाभ में रहे।
एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुए जबकि और चीन के शंघाई कंपोजिट में गिरावट आई। यूरोपीय शेयर बाजार दोपहर के सत्र के दौरान मिले-जुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे और अमेरिकी बाजार मंगलवार को लाभ में बंद हुए।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''यूरोपीय बाजारों के गिरावट में खुलने से पहले फार्मा और एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में बढ़त से घरेलू बाजार में तेजी देखी गई। हालांकि, ब्रिटेन में बढ़ती मुद्रास्फीति और इसे कम करने के लिए केंद्रीय बैंक के चेयरमैन के बयान का निवेशकों की धारणा पर असर पड़ा।''
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.13 प्रतिशत चढ़कर 113.2 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार से मिले आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों का घरेलू बाजारों से निकासी का सिलसिला जारी है। उन्होंने मंगलवार को 2,192.44 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story