व्यापार

सोना के भाव में आया उछाल, धनतेरस तक इतने ऊपर जा सकता है जानिए आज का दाम

Shubhra Nandy
6 Nov 2020 10:07 AM IST
सोना के भाव में आया उछाल, धनतेरस तक इतने ऊपर जा सकता है जानिए आज का दाम
x
धनतेरस के त्यौहार के पहले सर्राफा बाजार में सोने ने अपनी चमक दिखाई शुरू कर दी है. पिछले दो से चार दिन सोने के लिए काफी अच्छे रहे.

जनता से रिश्ता वेबडेस्क| धनतेरस के त्यौहार के पहले सर्राफा बाजार में सोने ने अपनी चमक दिखाई शुरू कर दी है. पिछले दो से चार दिन सोने के लिए काफी अच्छे रहे. गुरुवार को सोने के दाम (Gold Price Today) में उछाल दर्ज की गई. वैश्विक बाजारों के मजबूत रुख से बृहस्तिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 158 रुपये की बढ़त के साथ 50,980 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया. एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी है

हाजिर मांग बढ़ने से सटोरियों ने अपने सौदे बढ़ाये. इससे बृहस्पतिवार को सोना वायदा भाव 593 रुपये मजबूत होकर 51,413 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में दिसंबर माह में डिलिवरी वाले सोना वायदा की कीमत 593 रुपये यानी 1.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 51,413 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई. इसमें 12,409 लॉट के लिये कारोबार किया गया

अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव परिणाम आने के पहले डॉलर के मजबूत होने के साथ बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपये 35 पैसे की गिरावट के साथ 74.76 (प्रारंभिक आंकड़ा) पर बंद हुआ. एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ''वैश्विक बाजार में सोने में तेजी के कारण दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत में तेजी आई.''

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना बढ़त के साथ 1,916 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था. चांदी भी लाभ के साथ 24.34 डॉलर प्रति औंस पर थी. न्यूयार्क में सोना 0.94 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,914.00 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया.

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के उपाध्यक्ष (जिंस शोध) नवनीत दमानी ने कहा कि अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों को लेकर अनिश्चितता के बीच सोना चढ़ा है. निवेशक बेसब्री से चुनावी नतीजों का इंतजार कर रहे हैं.

Next Story