
नई दिल्ली: स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Xiaomi की आगामी Redmi Note 18 सीरीज को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कंपनी इस नई स्मार्टफोन सीरीज में बड़ी बैटरी और फास्ट चार्जिंग जैसे फीचर्स पेश कर सकती है। हाल ही में चीन की 3C सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर एक नए रेडमी स्मार्टफोन को देखा गया है, जिसमें 67W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा आगामी सीरीज के टॉप मॉडल Redmi Note 18 Pro Max में 10,000mAh तक की बैटरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। नई स्मार्टफोन सीरीज की लॉन्चिंग को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। चीन के जाने-माने टिपस्टर डिजिटल चैट स्टेशन ने आगामी रेडमी स्मार्टफोन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। टिपस्टर के मुताबिक, Redmi Note 18 सीरीज के तीन स्मार्टफोन रजिस्टर किए जा चुके हैं। इनमें एक स्टैंडर्ड मॉडल के अलावा प्रो और प्रो मैक्स वेरिएंट शामिल होने की संभावना है। हालांकि, कंपनी की ओर से इन स्मार्टफोन के नाम और फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।





