व्यापार
अक्टूबर में रिकॉर्ड माल ढुलाई, भारतीय रेलवे की बढ़ी रफ्तार
Tara Tandi
4 Nov 2026 12:49 PM IST

x
नई दिल्ली: भारतीय रेलवे ने अक्टूबर महीने में अब तक की सबसे अधिक माल ढुलाई (फ्रेट लोडिंग) दर्ज की है। इस महीने के दौरान रेलवे ने 145.07 मिलियन टन माल की ढुलाई की, जो अक्टूबर 2025 के 133.93 मिलियन टन के मुकाबले 8.32 प्रतिशत अधिक है। यह जानकारी बुधवार को एक आधिकारिक बयान में दी गई।
रेल मंत्रालय के बयान के अनुसार, यह वृद्धि कई प्रमुख वस्तुओं की ढुलाई में बढ़ोतरी के कारण हुई है। खाद्यान्न की ढुलाई में 26.3 प्रतिशत, घरेलू कोयले में 16 प्रतिशत, अन्य सामानों में 11 प्रतिशत और क्लिंकर में 10.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
घरेलू कंटेनरों की ढुलाई में 6.3 प्रतिशत, लौह अयस्क (आयरन ओर) में 5 प्रतिशत, खनिज तेल में 1.9 प्रतिशत और तैयार स्टील में 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
भारतीय रेलवे ने बिजली घरों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए घरेलू कोयले की ढुलाई बढ़ाई है। अक्टूबर 2026 के दौरान, रेलवे ने प्रतिदिन औसतन 469.8 रेक (मालगाड़ी के डिब्बों का समूह) की आपूर्ति की, जो पिछले साल के इसी महीने के 393.2 रेक प्रति दिन के मुकाबले 19.5 प्रतिशत अधिक है।
अक्टूबर 2026 का यह मजबूत प्रदर्शन, वित्त वर्ष 27 (अप्रैल-अक्टूबर) के पहले सात महीनों में दर्ज की गई वृद्धि को और आगे बढ़ाता है। इस अवधि के दौरान भारतीय रेलवे ने 978.78 मिलियन टन माल की ढुलाई की, जो पिछले साल की इसी अवधि के 935.10 मिलियन टन के मुकाबले 4.67 प्रतिशत अधिक है।
अक्टूबर में यात्रियों की आवाजाही में भी लगातार वृद्धि देखी गई। भारतीय रेलवे ने 64.72 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया, जबकि पिछले साल के इसी महीने में यह संख्या 63.52 करोड़ थी।
अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान भारतीय रेलवे ने 443.8 करोड़ यात्रियों को यात्रा कराई, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह आंकड़ा 431.4 करोड़ था। इस दौरान नॉन-सबअर्बन (गैर-उपनगरीय) सेगमेंट में 4.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि सबअर्बन (उपनगरीय) सेगमेंट में 1.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। बयान में कहा गया है, “माल ढुलाई (फ्रेट लोडिंग) में वृद्धि, लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने और भारत की आर्थिक वृद्धि में सहयोग देने के प्रति भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। क्षमता विस्तार और बेहतर परिचालन दक्षता के माध्यम से, भारतीय रेलवे अपने परिवहन नेटवर्क को लगातार बेहतर बना रहा है।”
Next Story





