व्यापार
RBI के आंकड़े: अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड खर्च 20% बढ़कर 2.45 लाख करोड़
Tara Tandi
25 Nov 2026 12:19 PM IST

x
नई दिल्ली: भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में भारत में क्रेडिट कार्ड से होने वाले खर्च में भारी उछाल आया। दिवाली से पहले त्योहारी सीजन की खरीदारी में तेजी आने के कारण, कुल ट्रांजैक्शन वैल्यू पिछले महीने की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत बढ़कर 2.45 लाख करोड़ रुपये हो गई।
सितंबर में क्रेडिट कार्ड से 2.04 लाख करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ था। अक्टूबर का यह आंकड़ा पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 14.4 प्रतिशत अधिक है, जो उपभोक्ताओं के खर्च करने की क्षमता में लगातार मजबूती को दर्शाता है।
अक्टूबर में बैंकों ने कुल 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड जारी किए, जिससे देश में कुल क्रेडिट कार्डों की संख्या बढ़कर 12.67 करोड़ हो गई (सितंबर में यह 12.53 करोड़ थी)।
खर्च के तरीकों में डिजिटल माध्यमों का दबदबा बना रहा।
ऑनलाइन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए 1.54 लाख करोड़ रुपये के ट्रांजैक्शन हुए, जो कुल क्रेडिट कार्ड खर्च का लगभग 63 प्रतिशत है। वहीं, पॉइंट-ऑफ-सेल (PoS) के जरिए 90,562 करोड़ रुपये के ट्रांजैक्शन हुए।
देश के सबसे बड़े कार्ड जारीकर्ता, HDFC बैंक ने खर्च की मात्रा (spending volume) के मामले में अपनी बढ़त बनाए रखी। इस महीने बैंक के जरिए 70,115 करोड़ रुपये के ट्रांजैक्शन हुए, जो पिछले महीने की तुलना में 7.6 प्रतिशत की वृद्धि है।
इसके अलावा, प्रमुख कार्ड जारीकर्ताओं में SBI कार्ड और ICICI बैंक ने भी अच्छी ग्रोथ दर्ज की।
SBI कार्ड के जरिए 45,797 करोड़ रुपये का खर्च हुआ, जो सितंबर के मुकाबले 31 प्रतिशत अधिक है। वहीं, ICICI बैंक के ट्रांजैक्शन वैल्यू में 37 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 42,295 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
एक्सिस बैंक ने 30,211 करोड़ रुपये के क्रेडिट कार्ड खर्च की रिपोर्ट दी, जो पिछले महीने की तुलना में 30.5 प्रतिशत की वृद्धि है।
इसके साथ ही, क्रेडिट कार्ड ट्रांजैक्शन की संख्या सालाना आधार पर 32 प्रतिशत बढ़कर 68.3 करोड़ हो गई, जो ट्रांजैक्शन वैल्यू में हुई वृद्धि से भी अधिक है।
हालांकि, प्रति ट्रांजैक्शन औसत खर्च (average transaction size) एक साल पहले के 4,133 रुपये से घटकर लगभग 3,585 रुपये रह गया। छोटे-मोटे खर्चों के लिए क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल का चलन बढ़ रहा है। इसमें यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) से जुड़े रुपे (RuPay) क्रेडिट कार्ड के ज़रिए किए जाने वाले ट्रांजेक्शन भी शामिल हैं, जिससे रोज़मर्रा के भुगतानों में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल और बढ़ा है।
Next Story





