व्यापार

देश के 16 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर

suraj
20 May 2023 5:56 AM GMT
देश के 16 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर
x
आज यानी 20 मई को भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। फिलहाल दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए लीटर है तो डीजल 89.62 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपए और डीजल 94.27 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। राजस्थान और मध्यप्रदेश सहित देश के 16 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए लीटर के ऊपर बना हुआ है।
राजस्थान में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल
भारत में सबसे महंगा फ्यूल राजस्थान के श्रीगंगानगर में बिक रहा है। यहां एक लीटर पेट्रोल की कीमत 113.30 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 98.07 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई है। वहीं महाराष्ट्र के परभणी में पेट्रोल 109.26 रुपए प्रति लीटर और डीजल 95.66 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं पोर्ट ब्लेयर में सबसे सस्ता पेट्रोल-डीजल बिक रहा है। यहां पेट्रोल की कीमत 84.10 रुपए प्रति लीटर और डीजल का भाव 79.74 रुपए प्रति लीटर है।
16 राज्यों में पेट्रोल 100 के ऊपर
देश के 16 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है। मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, तेलंगाना, पंजाब, झारखंड, सिक्किम, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के सभी जिलों में पेट्रोल 100 रुपए के ऊपर बिक रहा है। वहीं डीजल भी ओडिशा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 100 रुपए से ऊपर है।
एक साल से स्थिर हैं पेट्रोल-डीजल के दाम
आखिरी बार 21 मई 2022 में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव किया गया था। तब पेट्रोल पर 8 रुपए और डीजल पर 6 रुपए प्रति लीटर उत्पाद शुल्क घटाया गया था। इससे पेट्रोल और डीजल के दाम 9.5 रुपए और 7 रुपए कम हो गए थे। जुलाई 2022 में, महाराष्ट्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर VAT में 5 रुपए और 3 रुपए प्रति लीटर की कटौती की थी।
तेल बेचने में भारत ने सऊदी को पीछे छोड़ा
रूस-यूक्रेन जंग के बाद दुनिया में भारत का किरदार बदल गया है। 2022 में चीन के बाद भारत ऑयल खरीदने के मामले में दूसरे नंबर पर था। अब एक साल बाद यूरोप को ऑयल बेचने के मामले में भारत ने सऊदी अरब को भी पीछे छोड़ दिया है। भारत रोजाना साढ़े 3 लाख बैरल से ज्यादा यानी करीब 5.5 करोड़ लीटर ऑयल यूरोप को एक्सपोर्ट कर रहा है।
Next Story