व्यापार

ट्रेडिंग पार्टनर जेन स्ट्रीट के खिलाफ सेबी की कार्रवाई के बाद नुवामा के शेयर 10 प्रतिशत से अधिक फिसले

jantaserishta.com
4 July 2025 4:36 PM IST
ट्रेडिंग पार्टनर जेन स्ट्रीट के खिलाफ सेबी की कार्रवाई के बाद नुवामा के शेयर 10 प्रतिशत से अधिक फिसले
x
मुंबई: भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की ओर से शुक्रवार को अमेरिकी ट्रेडिंग फर्म जेन स्ट्रीट को घरेलू इक्विटी बाजार में कारोबार करने से रोक दिया गया, जिसके बाद नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट के शेयरों में 10 फीसदी से अधिक की गिरावट देखने को मिली।
सेबी ने अपने आदेश में अमेरिकी ट्रेडिंग फर्म को कथित तौर पर 4,843.5 करोड़ रुपए के अवैध लाभ को वापस करने को कहा है। नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट भारतीय शेयर बाजारों के लिए जेन स्ट्रीट की ट्रेडिंग पार्टनर है।
दोपहर 1:44 पर नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट के शेयर 10.10 प्रतिशत गिरकर 7,350 रुपए पर था। गुरुवार के सत्र में यह 8,175.50 रुपए पर बंद हुआ था। सेबी की कार्रवाई के बाद आए बिकवाली के दबाव के कारण शेयर ने इंट्रडे में 7,280.50 रुपए का निचला स्तर छुआ है।
नुवामा के अलावा अन्य वेल्थ मैनेजनेंट और एक्सचेंज कंपनियों के शेयरों में भी गिरावट देखने को मिल रही है। खबर लिखे जाने तक बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का शेयर 6 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। वहीं, एंजेल वन के शेयर में भी 6 प्रतिशत से अधिक की गिरावट थी।
अपने आदेश में नियामक ने जेन स्ट्रीट और उससे जुड़ी कंपनियों के बैंक खातों से डेबिट फ्रीज करने का भी निर्देश दिया है, जिनमें जेएसआई2 इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड, जेन स्ट्रीट सिंगापुर पीटीई लिमिटेड और जेन स्ट्रीट एशिया ट्रेडिंग लिमिटेड शामिल हैं। सेबी ने अपने आदेश में कहा, "संस्थाओं को प्रतिभूति बाजार तक पहुंचने से रोक दिया गया है और उन्हें प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रतिभूतियों को खरीदने, बेचने या अन्य लेन-देन करने से भी प्रतिबंधित किया गया है।"
सेबी के आदेश के अनुसार, जेन स्ट्रीट ने 1 जनवरी, 2023 से 31 मार्च, 2025 के बीच भारतीय एक्सचेंजों पर इंडेक्स ऑप्शंस में ट्रेडिंग के जरिए 43,289.33 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story