व्यापार
एनएसई ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिजनों को 1 करोड़ रुपए देने का किया वादा
jantaserishta.com
25 April 2025 2:00 PM IST

x
मुंबई: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के पीड़ितों के परिजनों को एक करोड़ रुपए देने का वादा किया है। एनएसई के प्रबंध निदेशक और सीईओ आशीष चौहान ने कहा कि वे इस कठिन समय में पीड़ितों के परिवारों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "हम 22 अप्रैल, 2025 को कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले से बहुत दुखी हैं, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई। इस मुश्किल समय में पीड़ितों के परिवारों के साथ एकजुटता दिखाते हुए, एनएसई ने पीड़ितों के परिजनों को 1 करोड़ रुपए देने का संकल्प लिया है।'' इससे पहले, भारतीय जीवन बीमा निगम ने घोषणा की थी कि वह आतंकवादी हमले के पीड़ितों की सहायता के लिए तैयार है और वित्तीय राहत प्रदान करने के लिए दावों के निपटान में तेजी लाएगी।
एलआईसी ने एक स्टेटमेंट में कहा, "भारतीय जीवन बीमा निगम 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में निर्दोष नागरिकों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करता है।" एलआईसी के बयान में कहा गया है कि मृत्यु प्रमाण पत्र के बदले, आतंकवादी हमले के कारण पॉलिसीधारक की मृत्यु के सरकारी रिकॉर्ड में मौजूद कोई भी सबूत मृत्यु के सबूत के रूप में स्वीकार किया जाएगा। इसके अलावा, केंद्र या राज्य सरकारों द्वारा भुगतान किया गया कोई भी मुआवजा मृत्यु का सबूत माना जाएगा।
एलआईसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ मोहंती ने कहा, "दावेदारों तक पहुंचने और प्रभावित परिवारों के दावों का शीघ्र निपटान सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे।" इससे पहले गुरुवार को पीएम मोदी ने बिहार के मधुबनी में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि देश के दुश्मनों ने भारत की आस्था पर हमला करने का दुस्साहस किया है। मैं बहुत स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं कि जिन्होंने यह हमला किया है, उन आतंकियों को और इस हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी।
उन्होंने मंच से ऐलान किया था, ''आज बिहार की धरती से मैं पूरी दुनिया से कहता हूं, भारत हर आतंकवादी और उसके सरगना की पहचान करेगा, उसे खोजेगा और उसे सजा देगा। हम उन्हें धरती के कोने-कोने तक खदेड़ेंगे।''
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





