व्यापार

Reliance एडीए ग्रुप मामले में नया मोड़, पूर्व सीएफओ हिरासत में

Ratna Netam
4 July 2026 8:28 PM IST
Reliance  एडीए ग्रुप मामले में नया मोड़, पूर्व सीएफओ हिरासत में
x

New Delhi नई दिल्ली : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) अमित बापना को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

जांच एजेंसी के अनुसार, अमित बापना अगस्त 2014 से दिसंबर 2019 तक रिलायंस कैपिटल लिमिटेड में सीएफओ रहे और कंपनी के वित्तीय निर्णयों में अहम भूमिका निभाते थे। उन पर आरोप है कि उन्होंने मध्यस्थ और फर्जी (कंड्यूट) कंपनियों को ऋण मंजूर करने और उन्हें सुविधा देने में भूमिका निभाई, जो आरबीआई के नियमों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शर्तों के खिलाफ था।

सीबीआई का कहना है कि जांच में यह भी सामने आया है कि रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल) द्वारा बैंकों से लिए गए ऋण की राशि को इन मध्यस्थ कंपनियों के माध्यम से रिलायंस एडीए समूह की विभिन्न कंपनियों तक पहुंचाया गया। इनमें रिलायंस कैपिटल लिमिटेड, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और रिलायंस पावर लिमिटेड शामिल हैं।

इस प्रक्रिया से संबंधित बैंकों को आर्थिक नुकसान हुआ, जबकि आरोपियों और संबंधित संस्थाओं को अनुचित लाभ पहुंचने का आरोप है। सीबीआई अब मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Next Story