
x
Meta ने लॉन्च किया AI पेंडेंट
मेटा ने अपने सालाना Meta Connect 2026 इवेंट में नया Muse Charm पेश किया है। यह एक छोटा कीचेन-साइज डिवाइस है, जिसे कंपनी के पर्सनल AI एजेंट Muse तक तेजी से पहुंच देने के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी खासियत यह है कि यूजर को AI से बातचीत करने के लिए बार-बार स्मार्टफोन अनलॉक करने या कोई ऐप खोलने की जरूरत नहीं होगी।
मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग ने इवेंट के दौरान Muse Charm को पेश करते हुए बताया कि इसमें Muse का रियल-टाइम वॉयस और अवतार अनुभव दिया गया है। डिवाइस के कोने में फिंगरप्रिंट सेंसर मौजूद है। यूजर इसे टैप करके सीधे Muse से बातचीत शुरू कर सकता है। इसकी छोटी स्क्रीन पर AI एजेंट का डिजिटल अवतार भी दिखाई देता है।
Muse Charm को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि इसे आसानी से जेब में रखा जा सके या कीचेन की तरह साथ ले जाया जा सके। मेटा का उद्देश्य AI एजेंट को स्मार्टफोन ऐप तक सीमित रखने के बजाय ऐसे छोटे डिवाइस के जरिए हमेशा उपलब्ध कराना है। खासकर उन लोगों के लिए यह एक नया विकल्प होगा, जो कंपनी के AI ग्लासेस का इस्तेमाल नहीं करते हैं।
हालांकि Muse Charm अभी पूरी तरह बाजार में उतरने के लिए तैयार नहीं है। मेटा इसके कुछ हार्डवेयर कंपोनेंट और फिनिशिंग को अंतिम रूप दे रही है। कंपनी इसे दिसंबर 2026 के हॉलिडे सीजन तक शिपिंग के लिए तैयार करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। फिलहाल इसकी कीमत और किन देशों में यह उपलब्ध होगा, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Muse Charm के जरिए मेटा AI को स्मार्टफोन से आगे ले जाकर रोजमर्रा की जिंदगी में ज्यादा आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।
Next Story





