व्यापार
मारुति सुजुकी ऑल्टो के ये वैरिएंट्स करेगी बंद, K10 हैचबैक की होगी वापसी
Ritisha Jaiswal
5 July 2022 7:50 PM IST

x
भारतीय कार बाजार में स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल्स (एसयूवी) की बढ़ती बिक्री के कारण भले ही एंट्री-लेवल हैचबैक कारों की बाजार हिस्सेदारी कम होती जा रही है
भारतीय कार बाजार में स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल्स (एसयूवी) की बढ़ती बिक्री के कारण भले ही एंट्री-लेवल हैचबैक कारों की बाजार हिस्सेदारी कम होती जा रही है। लेकिन देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता कंपनी Maruti Suzuki (मारुति सुजुकी) इस सेगमेंट पर ध्यान केंद्रित कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी जल्द ही ऑल्टो K10 को फिर से पेश करेगी, जिसे मार्च 2020 में बंद कर दिया गया था। फिलहाल इस कार का कोडनेम Y0M है।
इसके साथ ही कंपनी ने हैचबैक कार में से एक ऑल्टो के कुछ वैरिएंट्स को बंद करने का फैसला लिया है। कंपनी ने एंट्री-लेवल ऑल्टो हैचबैक से तीन वैरिएंट्स को हटा दिया है। अब CNG मॉडल में सिर्फ एक ऑप्शन मिलेगा।
ये वैरिएंट्स होंगे बंद
मारुति ने ऑल्टो के स्टैंडर्ड, LXi और LXi CNG वैरिएंट को बंद करने का फैसला लिया है। इनकी जगह पर ऑल्टो अब स्टैंडर्ड (O), LXi (O), LXi (O) CNG, VXi और VXi प्लस वैरिएंट में मिलेगी। अब CNG ऑप्शन में ऑल्टो में सिर्फ एक ही विकल्प उपलब्ध होगा।
Maruti Suzuki Alto (मारुति सुजुकी ऑल्टो) में 800cc का पेट्रोल इंजन मिलता है। यह इंजन 47 bhp का पावर और 69 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। वहीं, इसका CNG वर्जन 40 bhp का पावर और 60 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है।
मिलते हैं शानदार फीचर्स
मारुति ऑल्टो में डुअल-टोन इंटीरियर, 7.0-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, सेंट्रल लॉकिंग, कीलेस एंट्री, फ्रंट और रियर कप होल्डर, रिवर्स पार्किंग सेंसर और डुअल फ्रंट एयरबैग जैसे फीचर्स मिलते हैं। कीमत की बात करें तो बेस वैरिएंट के बंद होने के बाद ऑल्टो की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 3.39 लाख रुपये हो गई है। जबकि CNG वैरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 5.03 लाख रुपये है।
K10 की होगी वापसी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारुति अपनी नई K10 कार की तैयारी भी कर रही है। इसे बिल्कुल नए अवतार में एक अपडेटेड इंजन के साथ लाया जाएगा, जो BS6 मानकों के आधार पर है। इसे फिलहाल Y0K कोडनेम दिया गया है और यह नेक्स्ट जनरेशन की ऑल्टो पर बेस्ड होगी। K10 को भारत में पहली बार 2010 में लाया गया था और 2020 में इसे बंद कर दिया गया था।
नई K10 कब होगी लॉन्च
वित्त वर्ष 2022 में मारुति सुजुकी ने ऑल्टो और एस-प्रेसो की 2,11,762 यूनिट्स बेची हैं। जबकि अन्य एंट्री-लेवल हैचबैक कारें जैसे रेनो क्विड की 26,535 यूनिट्स की बिक्री हुई। एंट्री-लेवल हैचबैक का सालाना बाजार करीब 2.5 लाख यूनिट्स है। मारुति सुजुकी K10 रेनो क्विड को टक्कर दे सकती है। अभी क्विड में 800cc के साथ 1000cc इंजन का विकल्प मिलता है। मारुति त्योहारी सीजन के करीब अपनी इस नई हैचबैक को लॉन्च कर सकती है।
6 एयरबैग की चुनौती
सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार कारों को पहले ज्यादा सुरक्षित बनाने पर जोर दे रही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कार में 6 एयरबैग के नियम को अनिवार्य कर दिया है। इतना ही नहीं, सरकार अगले साल से भारत में कारों की क्रैश टेस्ट भी शुरू कर रही है। इसके लिए सरकार भारत NCAP की शुरुआत कर रही है। ऐसे में कार कंपनियों के सामने छोटी हैचबैक कारों में 6 एयरबैग लगाने की चुनौती बढ़ गई है।
मारुति सुजुकी इंडिया के चेयरमैन आरसी भार्गव का कहना है कि सरकार की 6 एयरबैग अनिवार्य करने की नीति का असर उसकी छोटी कारों पर पड़ रहा है। ऐसे में कंपनी इन्हें बंद करने में गुरेज नहीं करेगी।
Next Story





