
x
सोना, टाइटेनियम और प्रीमियम लेदर, GTA 6 से प्रेरित शानदार कलेक्शन
टेक डेस्क: दुनिया के सबसे लोकप्रिय वीडियो गेम्स में शामिल Grand Theft Auto यानी GTA की नई किस्त GTA 6 को लेकर गेमिंग प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। इसी बीच लग्जरी स्मार्टफोन कस्टमाइजेशन कंपनी Caviar ने GTA 6 की दुनिया से प्रेरित अपना नया Most Wanted Collection पेश किया है। इस खास कलेक्शन में Apple के iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max, फोल्डेबल iPhone Duo और Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra के कस्टमाइज्ड वर्जन शामिल हैं। कंपनी ने Ray-Ban स्मार्ट ग्लासेज के भी दो विशेष डिजाइन पेश किए हैं। इन डिवाइसेज की कीमत हजारों डॉलर में रखी गई है और सबसे महंगे स्मार्टफोन की कीमत लगभग 11.7 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि भारतीय बाजार के लिए अलग आधिकारिक कीमत की पुष्टि नहीं हुई है।
GTA 6 से प्रेरित है Most Wanted कलेक्शन
Caviar का नया कलेक्शन अमेरिका के मियामी शहर की रंगीन नाइटलाइफ, लग्जरी लाइफस्टाइल और आर्ट डेको आर्किटेक्चर से प्रेरित है। GTA गेम सीरीज में दिखाई देने वाले Vice City की झलक भी इन स्मार्टफोन्स के डिजाइन में नजर आती है। कंपनी ने इन स्मार्टफोन्स को प्रीमियम बनाने के लिए 24 कैरेट गोल्ड प्लेटिंग, एयरोस्पेस ग्रेड टाइटेनियम, ज्वेलरी एनामेल और महंगे लेदर जैसे मटेरियल का इस्तेमाल किया है। खास बात यह है कि फोन के अंदर मिलने वाले प्रोसेसर, कैमरा और अन्य हार्डवेयर सामान्य मॉडल जैसे ही हैं। बदलाव मुख्य रूप से बाहरी डिजाइन और फिनिशिंग में किए गए हैं। यह कलेक्शन Rockstar Games का आधिकारिक GTA 6 स्मार्टफोन संस्करण नहीं है।
iPhone 18 Pro को मिला Neon Vice और Gangster डिजाइन
इस कलेक्शन में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के दो विशेष डिजाइन पेश किए गए हैं। पहला मॉडल Neon Vice Edition है, जिसकी शुरुआती कीमत 11,130 डॉलर रखी गई है। इस स्मार्टफोन के पिछले हिस्से पर टाइटेनियम से बनी पिस्तौल की उभरी हुई आकृति दी गई है। इसके आसपास गुलाबी और नीले रंग के ट्रॉपिकल डिजाइन बनाए गए हैं, जो मियामी की नियॉन लाइट्स से प्रेरित हैं। जिसकी शुरुआती कीमत 11,700 डॉलर है। इसमें काले रंग के बैक पैनल पर सुनहरे रंग की सजावट की गई है। पिस्तौल की आकृति और पाम लीफ डिजाइन पर 24 कैरेट गोल्ड प्लेटिंग दी गई है। इन विशेष डिजाइनों में मोटे मेटल पैनल होने के कारण सामान्य MagSafe एक्सेसरीज और वायरलेस चार्जिंग की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है।
Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra और iPhone Duo भी शामिल
Caviar ने Android स्मार्टफोन पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra का Ocean Drive Edition पेश किया है। इसकी शुरुआती कीमत 11,560 डॉलर बताई गई है। इस फोल्डेबल स्मार्टफोन के डिजाइन में मियामी के प्रसिद्ध Ocean Drive इलाके की झलक मिलती है। फोन के बाहरी हिस्से पर ज्योमेट्रिक पैटर्न, समुद्री लहरों जैसी आकृतियां और गोल्ड प्लेटिंग दी गई है। इस कलेक्शन का सबसे महंगा फोन iPhone Duo Pink Alligator Edition है। इसकी कीमत 13,130 डॉलर रखी गई है। इस फोल्डेबल iPhone के पिछले हिस्से पर गुलाबी रंग के प्रीमियम क्रोकोडाइल लेदर और टाइटेनियम का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही पीछे छह काले सितारों वाला Most Wanted बैज लगाया गया है, जो GTA गेम में वॉन्टेड लेवल की याद दिलाता है।
Ray-Ban स्मार्ट ग्लासेज भी हुए लॉन्च
स्मार्टफोन्स के अतिरिक्त Caviar ने Ray-Ban Wayfarer Gen 2 स्मार्ट ग्लासेज के दो कस्टम वर्जन भी पेश किए हैं। पहला Sunset Edition है, जिसमें गुलाबी और नीले रंग का डिजाइन इस्तेमाल किया गया है। दूसरा Gold Rush Edition है, जिसमें फ्रेम और टेंपल पर गोल्ड फिनिशिंग दी गई है। इन स्मार्ट ग्लासेज में कैमरा, स्पीकर, ब्लूटूथ ऑडियो और वॉयस कंट्रोल जैसे मूल फीचर्स बरकरार रखे गए हैं। Gold Rush की कीमत 6,700 डॉलर और Sunset की कीमत 6,990 डॉलर बताई गई है।
केवल 19 यूनिट बनेंगी, जानिए कीमत
Caviar ने अपने Most Wanted Collection को लिमिटेड एडिशन के रूप में पेश किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रत्येक डिजाइन की केवल 19 यूनिट तैयार की जाएंगी।
मॉडल शुरुआती कीमत
iPhone Neon Vice $11,130
iPhone Gangster $11,700
Samsung Ocean Drive $11,560
iPhone Duo Pink Alligator $13,130
Ray-Ban Gold Rush $6,700
Ray-Ban Sunset $6,990
इन डिवाइसेज को Caviar की आधिकारिक वेबसाइट से ऑर्डर किया जा सकता है। हालांकि भारत में इनकी उपलब्धता, आयात शुल्क और अंतिम कीमत अलग हो सकती है। कंपनी का यह कलेक्शन उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो स्मार्टफोन को केवल तकनीकी उपकरण नहीं, बल्कि लग्जरी फैशन और कलेक्टर्स आइटम के रूप में भी देखते हैं।
Next Story





