व्यापार

Reebok's की एंट्री से दौड़ा लक्स इंडस्ट्रीज का शेयर

Ratna Netam
10 July 2026 2:46 PM IST
Reeboks  की एंट्री से दौड़ा लक्स इंडस्ट्रीज का शेयर
x

New Delhi नई दिल्ली : दिग्गज निवेशक मुकुल अग्रवाल के पोर्टफोलियो में शामिल स्मॉल-कैप कंपनी लक्स इंडस्ट्रीज के शेयरों में शुक्रवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी के साथ जुड़ी एक बड़ी सकारात्मक खबर के बाद निवेशकों ने लक्स इंडस्ट्रीज के शेयरों में जमकर खरीदारी की, जिससे स्टॉक इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान करीब 10 प्रतिशत तक उछल गया।

लक्स इंडस्ट्रीज का शेयर शुक्रवार (10 जुलाई 2026) को कारोबार के दौरान बढ़कर 1,339 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। इससे पहले कंपनी का शेयर 1,223 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था। इस तरह शेयर में करीब 10 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

कंपनी के शेयरों में यह तेजी रीबॉक (Reebok) के साथ हुए ब्रांड लाइसेंसिंग एग्रीमेंट की खबर के बाद आई है। इस समझौते के तहत लक्स इंडस्ट्रीज को भारत में इनरवियर और थर्मल वियर प्रोडक्ट्स की डिजाइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग और बिक्री के लिए रीबॉक ब्रांड का इस्तेमाल करने का अधिकार मिला है।

जानकारी के अनुसार, लक्स इंडस्ट्रीज ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि कंपनी के वर्टिकल बी ने इंग्लैंड स्थित RILUK IPCO लिमिटेड (RIL) के साथ एक समझौता किया है। इस करार के तहत कंपनी को भारत में पुरुषों और महिलाओं के इनरवियर तथा थर्मल वियर उत्पादों के निर्माण और बिक्री के लिए लाइसेंस प्राप्त ब्रांड प्रॉपर्टी का विशेष अधिकार मिला है।

कंपनी ने बताया कि इन उत्पादों की बिक्री और मार्केटिंग रीबॉक ट्रेडमार्क के तहत की जाएगी। यह लाइसेंसिंग एग्रीमेंट चालू वर्ष से प्रभावी हो गया है और इसे आगे दस साल के लिए नवीनीकरण करने का विकल्प भी रखा गया है।

लक्स इंडस्ट्रीज का मानना है कि इस साझेदारी से कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को मजबूती मिलेगी और भारतीय बाजार में ब्रांड की पहुंच बढ़ाने में मदद मिल सकती है। रीबॉक जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के साथ जुड़ाव से कंपनी को प्रीमियम सेगमेंट में अपनी स्थिति मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

हालांकि, कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि लाइसेंस प्राप्त ब्रांड का उपयोग करके बेचे जाने वाले उत्पादों की संभावित मात्रा और बिक्री मूल्य का अनुमान अभी नहीं लगाया जा सकता है। कंपनी ने कहा कि भविष्य में कारोबार की प्रगति के आधार पर इसका आकलन किया जाएगा।

समझौते की शर्तों के अनुसार, RILUK IPCO लिमिटेड को लक्स इंडस्ट्रीज के बोर्ड में किसी निदेशक की नियुक्ति का अधिकार नहीं होगा। इसके अलावा कंपनी की ओर से RILUK IPCO को कोई शेयर जारी नहीं किए जाएंगे।

लक्स इंडस्ट्रीज के शेयर का प्रदर्शन भी निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। कंपनी का शेयर अप्रैल 2026 में 1,837.95 रुपये के स्तर तक पहुंचा था, जो इसका 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर है। वहीं, इसका 52 सप्ताह का निचला स्तर 805.05 रुपये रहा है।

मुकुल अग्रवाल जैसे दिग्गज निवेशक के पोर्टफोलियो में शामिल होने के कारण भी इस स्टॉक पर बाजार की नजर रहती है। रीबॉक के साथ हुए नए समझौते के बाद निवेशकों की उम्मीदें बढ़ी हैं। हालांकि, शेयर बाजार में निवेश से जुड़े फैसले कंपनी के प्रदर्शन, वित्तीय स्थिति और बाजार की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर ही लेने चाहिए।

Next Story