
New Delhi नई दिल्ली : शेयर बाजार में सोमवार को तेजी के बीच ₹50 से कम कीमत वाले Indiabulls के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। कंपनी के शेयरों में लगातार दूसरे कारोबारी दिन अपर सर्किट लगा, जिससे निवेशकों में उत्साह बढ़ गया है। इससे पहले शुक्रवार को भी स्टॉक में अपर सर्किट देखा गया था।
सोमवार को कंपनी का शेयर बीएसई में 29.30 रुपये के स्तर पर खुला और दिन के कारोबार के दौरान 30.76 रुपये के इंट्रा-डे हाई तक पहुंच गया। यह स्तर कंपनी का 52-वीक हाई भी बताया जा रहा है। वहीं, इसका 52-वीक लो 8.93 रुपये प्रति शेयर रहा है। मौजूदा समय में कंपनी का मार्केट कैप लगभग 7,074 करोड़ रुपये के आसपास है।शेयरों में इस तेजी के पीछे मुख्य कारण भारी ट्रेडिंग वॉल्यूम को माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, Indiabulls के करीब 2 करोड़ शेयरों की खरीद-बिक्री दर्ज की गई, जबकि एक हफ्ते का औसत वॉल्यूम लगभग 95 लाख शेयर और एक महीने का औसत 68 लाख शेयर रहा है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती वॉल्यूम ने स्टॉक में मजबूत मोमेंटम बनाए रखा है।
इसके अलावा, घरेलू शेयर बाजार में जारी सकारात्मक रुख ने भी इस स्टॉक को सपोर्ट दिया है, जिससे लगातार तेजी देखने को मिल रही है।पिछले प्रदर्शन की बात करें तो Indiabulls के शेयरों ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। पिछले एक महीने में स्टॉक में करीब 30 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। वहीं, तीन महीने की अवधि में इसमें 179 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल देखने को मिला है, जिससे कई पोजीशनल निवेशकों का पैसा लगभग दोगुना हो गया है।
एक साल की अवधि में भी यह शेयर मजबूत रहा है और इसने निवेशकों को लगभग 82 प्रतिशत तक का रिटर्न दिया है। लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण यह स्टॉक बाजार में चर्चा का विषय बना हुआ है।विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे लो-प्राइस स्टॉक्स में वॉल्यूम और मार्केट सेंटिमेंट का बड़ा असर होता है, और फिलहाल दोनों ही फैक्टर इस स्टॉक के पक्ष में नजर आ रहे हैं। हालांकि, निवेशकों को सतर्कता के साथ निर्णय लेने की सलाह भी दी जा रही है।





