
भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा है कि उनकी योजना है कि सूक्ष्म ऋणों के लिए बिना किसी परिसंपत्ति को गिरवी रखे उधार देने की व्यवस्था की जाये और ये कोलैटरल-मुक्त सुविधा ना सिर्फ माइक्रो वित्त संस्थानों-एमएफआई बल्कि सभी ऋणदाताओं द्वारा उपलब्ध कराई जाये। 'वित्तीय समावेश के पुनर्जीवन' पर सा-धन राष्ट्रीय सम्मेलन के शुरुआती संबोधन में कल आरबीआई के डिप्टी गवर्नर श्री राजेश्वर राव ने कहा कि वर्तमान नियमन के चलते असमानताएं पैदा हो गई हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा नियमन प्रणाली, जो कम आय वाले परिवारों को ऋण उपलब्ध कराने और उन्हें ऋणदाताओं की ऋण वापस वसूलने के कठोर तरीकों से बचाने के लिए लाई गई थी, सिर्फ गैर बैंकिंग वित्तीय संस्थानों और सूक्ष्म-वित्त संस्थानों पर ही लागू थी। अब तक माइक्रो फाइनेंस पोर्टफोलियो में लगभग 70 प्रतिशत हिस्सेदारी वाले अन्य ऋणदाताओं पर नियमन से जुड़े ऐसी शर्तें लागू नहीं थीं।





