
अगर आप भी नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो, इनवेस्टमेंट करने से पहले अपनी गाड़ी की जांच जरूर करें और साथ में अपने बजट के हिसाब से 2-3 कारों के बारे में बारीकी से समझें। यहां हम बताने जा रहे हैं कि नई कार खरीदने के लिए वो कौन से जरूरी टिप्स है, जिन्हें फॉलो करना चाहिए।
1- बजट के अनुसार कार पसंद करें
कोई भी गाड़ी खरीदने से पहले आपको अपने बजट के अनुसार कार पसंद करना चाहिए, ताकि उस बजट के आस पास की गाड़ियों को आप आसानी से कंपैरिजन कर सकते हैं।
2- कार के बारे में ऑनलाइन जानकारी लें
अपने चुने हुए कार के बारे में ऑनलाइन जानकारी लें, जहां आपके मन में चल रहे ढेरों सवालों के जवाब आसानी से मिल सकते हैं। इतना ही नहीं ऑनलाइन माध्यम से अपने पंसद की चुनी हुई कार से अन्य कारों की तुलना भी कर सकते हैं। भारतीय बाजार में मारुति सुजुकी, हुंडई, टाटा, महिंद्रा, फोर्ड, किआ, फॉक्सवैगन, टोयोटा, होंडा, निसान, रेनो समेत कई कार कंपनियां मौजूद हैं। ऐसे में आप अपनी पसंद की कंपनी का चुनाव करें।
3- छोटे-बड़ी फैमिली के हिसाब से कार चुने
घर में कितने सदस्य हैं इसको ध्यान में रखते हुए अपनी गाड़ी चुनें, ताकि कार खरीदने के बाद अपको पछतावा न हो। अगर आपका छोटा परिवार है तो आपके लिए हैचबैक कार बेस्ट ऑप्शन साबित हो सकता है। वहीं अगर आपके परिवार के लोगों की संख्या 5 से अधिक है तो, आप 7 सीटर कार ले सकते हैं, जिसमें आप एक बार में पूरे परिवार के साथ ट्रिप का आनंद ले सकते हैं।
4- इंश्योरेंस कराते समय रहें सतर्क
गाड़ी खरीदते समय इंश्योरेंस करवाना सबसे जरूरी होता है। लगभग सभी कंपनियां कार इंश्योरेंस अपने डीलर से करा के देती हैं, ऐसे में यदि आपको बाहर से इंश्योरेंस कम कीमत में मिल रहा है तो आपके पास बाहर से इंश्योरेंस कराने का विकल्प है।
5- कार की मेंटेनेंस खर्च को समझें
कार खरीदने के बाद जेब पर गाड़ी के मेंटेनेंस और माइलेज का बोझ बरकरार रहता है, ऐसे में अपनी पसंद की कार चुनते समय उसकी माइलेज और मेंटेनेंस खर्च के बारे में जरूर समझ लें, बता दें, डीजल कार का मेंटेनेंस पेट्रोल कार की तुलना ज्यादा होता है। इसलिए कार खरीदते समय मेंटेनेंस और माइलेज का खासा ख्याल रखें।





