व्यापार
जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री, 21% प्रीमियम पर हुई लिस्टिंग
jantaserishta.com
28 Oct 2026 3:11 PM IST

x
मुंबई: जियो प्लेटफॉर्म्स ने शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की है। कंपनी का शेयर ₹1,119 के इश्यू प्राइस के मुकाबले ₹1,358 पर लिस्ट हुआ। इस तरह शेयर की लिस्टिंग इश्यू प्राइस से करीब 21% ऊपर हुई। लिस्टिंग के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर ₹12.50 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।
मार्केट कैप के हिसाब से जियो प्लेटफॉर्म्स देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है। इस सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज ₹16 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ पहले स्थान पर है, जबकि एयरटेल का मार्केट कैप ₹12.20 लाख करोड़ रुपये बताया गया है।
अनंत अंबानी की स्पीच सुनकर भावुक हुए मुकेश अंबानी
जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग के मौके पर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में घंटी बजाकर शेयर बाजार में कंपनी की शुरुआत की गई। इस खास मौके पर अंबानी परिवार के सदस्य मंच पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अनंत अंबानी ने जियो की सफलता का श्रेय देश की जनता को दिया। उन्होंने रिलायंस की विरासत और लोगों से मिले प्यार का जिक्र करते हुए कहा, "जियो को पूरे देश का आशीर्वाद मिला है। मां ने कहा 'जियो मेरे लाल', दादी ने कहा 'जुग जुग जियो' और दोस्तों ने कहा 'जियो यार'।" अनंत ने कहा कि जियो को भारत की जनता ने बनाया है। देश के लोगों के सपनों को पूरा करना ही उनका असली सपना है। बेटे की स्पीच के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी भावुक हो गए।
शेयर बेचें या होल्ड करें? एक्सपर्ट्स ने क्या बताया
जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग के बाद निवेशकों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि शेयर बेचकर मुनाफा कमाया जाए या लंबे समय तक होल्ड रखा जाए। मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जिन निवेशकों ने केवल लिस्टिंग गेन के लिए पैसा लगाया है, वे लिस्टिंग के दिन मुनाफा वसूलने पर विचार कर सकते हैं। वहीं, लंबी अवधि के निवेशकों को शेयर अपने पोर्टफोलियो में बनाए रखने की सलाह दी गई है। एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि आने वाले समय में कंपनी का शेयर ₹1,500 से ₹1,800 तक पहुंच सकता है। हालांकि, यह एक अनुमान है, इसकी कोई गारंटी नहीं है।
नए निवेशकों को अभी शेयर खरीदना चाहिए या इंतजार करना चाहिए?
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि लिस्टिंग के दिन शेयर की कीमत में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में जल्दबाजी में निवेश करने से बचना चाहिए।
अगर लिस्टिंग के बाद शेयर की कीमत में गिरावट आती है, तो निवेशक चरणबद्ध तरीके से खरीदारी करने पर विचार कर सकते हैं। हालांकि, निवेश से पहले शेयर की कीमत, कंपनी के वैल्यूएशन और कारोबारी प्रदर्शन का आकलन करना जरूरी है। निवेशकों को ध्यान रखना चाहिए कि बाजार में शेयर की कीमत ऊपर भी जा सकती है और नीचे भी। इसलिए केवल लिस्टिंग गेन या संभावित टारगेट के आधार पर निवेश का फैसला नहीं लेना चाहिए।
IPO को मिला 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन
जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO को निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। NSE के आंकड़ों के मुताबिक, 21 से 23 अक्टूबर तक चले IPO को कुल 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। IPO में QIB यानी संस्थागत निवेशकों का सब्सक्रिप्शन 70.55 गुना, NII यानी गैर-संस्थागत निवेशकों का 14 गुना और रिटेल निवेशकों का 2.72 गुना रहा। कुल मिलाकर IPO को 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।
इन आंकड़ों के मुताबिक, संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में सबसे ज्यादा मांग देखने को मिली। वहीं, रिटेल निवेशकों की श्रेणी में IPO 2.72 गुना सब्सक्राइब हुआ।
100 अरब डॉलर से ज्यादा वैल्यू वाली कंपनियों के खास क्लब में जियो
IPO के समय 100 अरब डॉलर से ज्यादा के मार्केट कैप वाली उन कंपनियों के खास समूह में जियो प्लेटफॉर्म्स का नाम शामिल हुआ, जिन्हें उनके संस्थापक खुद चला रहे हैं। इस मामले में जियो प्लेटफॉर्म्स अब मेटा, अलीबाबा और इलॉन मस्क की स्पेसएक्स जैसी कंपनियों के क्लब में शामिल हो गई है। यह कंपनी के आकार और बाजार में उसकी स्थिति को दर्शाने वाला एक अहम पड़ाव है।
रिलायंस ग्रुप ने टाटा ग्रुप को पीछे छोड़ा
जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग का असर रिलायंस ग्रुप की कुल बाजार वैल्यू पर भी पड़ा। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, रिलायंस ग्रुप की सभी लिस्टेड कंपनियों का संयुक्त मार्केट कैप बढ़कर ₹28.9 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।
इसके साथ ही रिलायंस ग्रुप ने ₹25.6 लाख करोड़ रुपये के कुल मार्केट कैप वाले टाटा ग्रुप को पीछे छोड़ दिया। दोनों समूहों के बीच करीब ₹3.23 लाख करोड़ रुपये का अंतर बताया गया है। वहीं, अडाणी ग्रुप ₹16.6 लाख करोड़ रुपये के कुल मार्केट कैप के साथ तीसरे स्थान पर है।
जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग सिर्फ कंपनी के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे रिलायंस ग्रुप के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि आने वाले दिनों में शेयर बाजार में कंपनी का प्रदर्शन कैसा रहता है और उसका मार्केट कैप किस दिशा में आगे बढ़ता है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





