
New Delhi नई दिल्ली : नवरत्न कंपनी एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के शेयरों में सोमवार को गिरावट देखने को मिली और यह 100 रुपये के स्तर से नीचे फिसलकर 99.60 रुपये पर पहुंच गए। कारोबार के दौरान स्टॉक में 2 प्रतिशत से अधिक की कमजोरी दर्ज की गई।हालांकि कंपनी को हाल ही में असम और ओडिशा में नए कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स के ऑर्डर मिले हैं, इसके बावजूद शेयरों पर दबाव बना हुआ है। एनबीसीसी के शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर 126 रुपये रहा है।
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी है कि उसे कुल 132.28 करोड़ रुपये के नए प्रोजेक्ट्स मिले हैं। इनमें असम के साउथ सलमारा और वेस्ट कार्बी आंगलोंग जिलों में जवाहर नवोदय विद्यालय के स्थायी कैंपस निर्माण का कार्य शामिल है। इन दोनों प्रोजेक्ट्स की वैल्यू 55.46-55.46 करोड़ रुपये बताई गई है। यह काम नवोदय विद्यालय समिति द्वारा सौंपा गया है।इसके अलावा एनबीसीसी को ओडिशा के संबलपुर में 200 बेड क्षमता वाला स्पोर्ट्स हॉस्टल बनाने का कॉन्ट्रैक्ट भी मिला है। इस प्रोजेक्ट की कीमत 21.36 करोड़ रुपये है और इसे ओडिशा सरकार के स्पोर्ट्स एंड यूथ सर्विसेज डिपार्टमेंट ने मंजूरी दी है।
कंपनी पहले भी अपने शेयरधारकों को दो बार बोनस शेयर दे चुकी है। बावजूद इसके हालिया ट्रेडिंग में शेयरों में कमजोरी देखने को मिल रही है।मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, नए ऑर्डर मिलने के बावजूद स्टॉक में दबाव का कारण बाजार की व्यापक अस्थिरता और निवेशकों की मुनाफावसूली हो सकती है। फिलहाल निवेशकों की नजर कंपनी के आने वाले प्रोजेक्ट्स और वित्तीय प्रदर्शन पर बनी हुई है।





